हापुड़: छत पर पढ़ाई कर रही छात्रा पर बंदरों का हमला, बचने के लिए भागी तो 2 मंजिला घर से गिरी, मौत

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। यहां लोगों पर हमले की अनेक घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला जनपद हापुड़ के धौलाना क्षेत्र का है। जहां छत पर पढ़ाई कर रही बीए प्रथम वर्ष की छात्रा पर अचानक बंदरों ने हमला कर दिया। बंदरों के हमले से बचने के लिए छात्रा ने बचने की कोशिश की। इसी दौरान वह दो मंजिला मकान की छत से नीचे जा गिरी।
छात्रा को आनन फानन में अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत के चलते छात्रा गुलनाज को हापुड़ से मेरठ रेफर कर दिया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद से परिवार और स्थानीय लोगों में गम का माहौल है और लोग लगातार आवारा पशुओं बंदर, कुत्ते आदि के हमलों के चलते बेहद परेशान हैं।
छात्रा को बंदरों ने घेरा
मृतक का छात्रा गुलनाज हापुड़ के धौलाना क्षेत्र स्थित मेघनाथ सिंह सिसोदिया इंस्टीट्यूट की बीए प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा थी, जिसकी सोमवार को परीक्षा थी। इसको लेकर गुलनाज रात में अपने घर की छत पर ही पढ़ाई कर रही थी। मृतका के परिजनों के अनुसार पढ़ाई करते समय गुलनाज छत पर ही सो गई, तभी कुछ देर बाद बंदरों ने उसको चारों तरफ से घेर लिया। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाकर उसको जगाने का प्रयास किया। लोगों के शोर की आवाज सुनकर जैसे ही वह नींद से जागी और बंदरों से खुद को घिरा पाया तो गुलनाज ने बचने का प्रयास किया।
छत से गिरकर मौत
बंदरों को देखकर छात्रा घबरा गई और छत के दूसरे हिस्से की तरफ भागी। इसी दौरान वह दो मंजिला मकान की छत से नीचे आ गिरी। वहां मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाते हुए बचाने का प्रयास किया, लेकिन गुलनाज को बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद से परिवार सदमे में है तो वहीं स्थानीय लोगों में आवारा जानवरों को लेकर रोष व्याप्त है। इस पूरे मामले में स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई, लेकिन हापुड़ में बंदरों का आतंक इस छात्रा के लिए जानलेवा बन गया।



