गांधी प्रतिमा स्थल के सौन्दर्यीकरण का हुआ उदघाटन

बहराइच। स्थानीय पुअर हाऊस (कुष्ठ आश्रम) गुल्लाबीर रोड बहराइच में स्थापित बापू की प्रतिमा स्थल पर नवनिर्मित छतरी एवं चबूतरे का लोकार्पण वेदव्रत श्रीवास्तव अध्यक्ष अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन शाखा बहराइच एवं श्रावस्ती ने कियाl इस अवसर पर कुष्ठ आश्रम निवासी, सेनानियों के उत्तराधिकारी एवं शहर के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कुष्ठ आश्रम के प्रबन्धक भोला कुरैशी ने कियाlकार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि वेदव्रत श्रीवास्तव ने कहा कि बापू की विचारधारा कुष्ठ रोगियों एवं दीन-दुखियों की सेवा से शुरू होती हैl बापू ने कुष्ठ रोगियों के घाव को धोकर अपने हाथ से पट्टी बांधते थेlउनका कहना था कि नर सेवा नारायण की सेवा होती है।
कार्यक्रम संयोजक रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के लोग पूरे देश में कुष्ठ प्रभावित लोगों की सेवा में लगे हैं और आज यहां बापू के प्रतिमा स्थल पर उपस्थित भारी भीड़ यह दिखाती है कि हमें बापू के बताये रास्ते पर चलकर देश की आजादी को बचाने एवं स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और उनके उत्तराधिकारियों के अस्तित्व की रक्षा हेतु संकल्प लेना चाहिए। संगठन अध्यक्ष कर्मवीर सिंह एडवोकेट ने कहा कि शीघ्र ही शासन से वार्ता कर कुष्ठ आश्रम की समस्याओं का निराकरण कराया जायेगा। महामंत्री आदित्य भान सिंह ने कहा कि बापू की प्रतिमा स्थल पर प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को सुबह दस बजे दस मिनट अपने पूर्वजों स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि श्रद्धांजलि अर्पित की जाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संगठन संरक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि बापू ने विश्व विजयी अंग्रेजी हुकूमत से हमारी मातृभूमि को आजाद करायाlदेश युगों युगों तक उनका ऋणी रहेगाlगांधी जी का व्यक्तित्व एवं कृतित्व आज के समय में भी प्रासंगिक हैं।कुष्ठ आश्रम की संरक्षिका खैरूलनिशा एवं आश्रम के प्रधान धनीराम श्रीवास्तव ने सभी सम्माननीय अतिथियों का आभार व्यक्त कियाl कार्यक्रम को संगठन उपाध्यक्ष रीता कुमारी, अमर नाथ अग्रवाल, समाजसेवी विनय सिंह, रमेश चंद्र मिश्र, मुकेश श्रीवास्तव आदि ने संबोधित किया।



