राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, प्री-ट्रायल बैठक में विभागों को दिए गए निर्देश

देवरिया। 8 मार्च को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने की।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि वे चिन्हित मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए संदर्भित करें और अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करें। सचिव ने अधिकारियों से कहा कि लोक अदालत को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और विधिक साक्षरता व जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए ताकि आम जनता को इस अभियान का अधिकतम लाभ मिल सके।
राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक, बीमा, राजस्व, विद्युत, जल, वेतन एवं भत्ते से जुड़े सर्विस मामले, सिविल, श्रम, लघु आपराधिक प्रकरणों समेत प्री-लिटिगेशन वादों का निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर मामलों को सूचीबद्ध करने और अधिकतम संख्या में निपटाने पर जोर दिया गया।
बैठक में विद्युत विभाग, बीएसएनएल, जिला परिवीक्षा अधिकारी, एआरटीओ, सहायक स्टांप आयुक्त, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, वाणिज्य कर, नगरपालिका, श्रम विभाग, वन विभाग, आबकारी, खाद्य एवं रसद, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



