लखनऊ : बालू से भरी बोरियां लगाकर रोकी कटान, भरा गड्ढा
गुईन रोड में बेसमेंट की खोदाई से गिरी दीवार व धंसी सड़क की कराई मरम्मत

लखनऊ। वजीरगंज क्षेत्र के गुईन रोड पर भूखंड में बेसमेंट की गहरी खोदाई से गिरी दीवार व धंसी सड़क की गुरुवार को मरम्मत कराई गई। गड्ढा भरने के साथ बालू से भरी बोरियां लगाकर कटान रोकी गई। इस कार्य में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के अभियंताओं के साथ 75 मजदूर दिनभर लगे रहे। एलडीए मरम्मत का पूरा खर्च संबंधित बिल्डर से वसूल करेगा।
गुईन रोड पर एक भूखंड की व्यवसायिक निर्माण के लिए मानक से अधिक खाेदाई करने पर बुधवार को हादसा हुआ था। जहां गड्ढे में बारिश का पानी भरने से पीछे की तरफ कटान से दीवार गिरने के साथ सड़क धंस गई थी। कई घंटे चली जांच के बाद शाम को सचिव पवन कुमार गंगवार ने मरम्मत के लिए अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा व संजीव कुमार गुप्ता सहायक के नेतृत्व में टीम बनाई थी। जो गुरुवार को अभियंता व अवर अभियंता के साथ पहुंची और 75 मजदूर लगाकर गड्ढा भरने के साथ सड़क की मरम्मत कराई। वहीं, कटान रोकने के लिए 8 हजार बोरी में बालू भरकर (सैंड बैग स्टैकिंग) चारोंतरफ लगाई गई।
संजीव ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से भूखंड के चारोंतरफ तकनीकी जांच कर मम्मत कर रहे हैं। इस कार्य में दो दिन और लगेंगे और पूरा खर्च संबंधित बिल्डर से वसूला जाएगा। वहीं, हादसे के जिम्मेदार बिल्डर रहीश अहमद व उसके भाई सिराज अहमद के खिलाफ अवर अभियंता शिवकुंवर ने वजीरगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। खनन विभाग ने भी मानक से अधिक खोदाई करने पर एफआईआर कराई है।
एक और परिवार ने किया पलायन
दीवार गिरने व सड़क धंसने से पास बने तीन मकान पूरी तरह से चपेट में आए थे। जिनकी नींव कमजोर होने व दरारें पड़ने पर गिरने के डर से पुलिस ने खाली कराए थे तो कुछ परिवार खतरे की आशंका पर खुद पलायन कर गए थे। गुरुवार को भी यह सिलसिला जारी रहा। जुनैद नाम के व्यक्ति अपने चार सदस्यों के साथ सामान लेकर पलायन कर गए। अभी भी भूखंड के चारों तरफ बने मकान व अपार्टमेंट असुरक्षित बताए गए।



