देवरिया पुलिस का ‘मिशन शक्ति’ अभियान तेज, महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

देवरिया। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-05’ और ‘शक्ति दीदी’ अभियान के तहत देवरिया पुलिस ने सोमवार को व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एंटी-रोमियो टीमों और मिशन शक्ति दीदी की महिला आरक्षियों ने स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों पर जाकर महिलाओं को जागरूक किया।
इस अभियान के तहत महिला आरक्षी रश्मि सिंह और पुष्पा यादव ने थाना रामपुर कारखाना क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इसी तरह थाना भाटपाररानी में महिला आरक्षी निर्मला यादव और थाना बघौचघाट में महिला आरक्षी वंदना यादव ने महिलाओं को डायल-112, हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102 और एंबुलेंस सेवा-108 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं से अवगत कराया।
पुलिस ने पूरे जनपद में टेम्पलेट वितरित कर हेल्पलाइन नंबरों को प्रचारित किया और महिलाओं को किसी भी संकट की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। एंटी-रोमियो टीमों ने भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर लड़कियों को आत्मरक्षा और सतर्कता के गुर सिखाए।



