रामनवमी पर कड़ी सुरक्षा: पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा ने संभाली कमान, शहर में किया पैदल गश्त

गौरव कुशवाहा
देवरिया: चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री श्रुति शर्मा ने अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) अरविंद कुमार वर्मा और कोतवाली पुलिस बल के साथ शहर में पैदल गश्त किया।
इस गश्त के दौरान नगर के संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों, जिनमें सुभाष चौक, अबुबकर नगर, सेंट्रल चौकी क्षेत्र, रेलवे चौकी क्षेत्र, प्रमुख मंदिर और बाजार शामिल हैं, वहां का जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने स्थानीय नागरिकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का भरोसा दिलाते हुए कहा कि कोई भी असामाजिक तत्व शहर की शांति भंग करने की कोशिश करेगा, तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस टीम के साथ मंदिर परिसरों और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को परखा और स्थानीय व्यापारियों व श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना।
पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने आम जनता से अपील की कि वे हर प्रकार की अफवाहों से बचें और पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करें। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इस पैदल गश्त अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने रामनवमी के दिन विशेष सतर्कता बरतने और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। देवरिया प्रशासन की यह पहल शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने की दिशा में एक मजबूत कदम है।



