न्यायालय परिसर से फरार हुआ पाक्सो एक्ट का आरोपी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

- चार टीमें गठित, फरार आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी तेज
गौरव कुशवाहा
देवरिया। न्यायिक प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की एक बड़ी चूक सामने आई है, जहाँ पॉक्सो एक्ट के गंभीर आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का दुस्साहस कर दिया। मामला गुरुवार का है, जब अभियुक्त शिवा बासफोड़, जिसे जिला कारागार से देवरिया न्यायालय में सैंपलिंग हेतु पेश किया गया था, पेशी के बाद लाकअप में ले जाते समय पुलिस कर्मियों की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी सहित पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। सीओ ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश हेतु जनपद स्तर पर चार टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही न्यायालय परिसर, आस-पास के क्षेत्र एवं संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।
शिवा बासफोड़, पाक्सो एक्ट के अंतर्गत दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले में जेल में बंद था, को विशेष अनुमति के तहत मेडिकल सैंपलिंग के लिए न्यायालय लाया गया था। लेकिन पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर वह पुलिस अभिरक्षा से निकल भागा। यह घटना उस वक्त हुई जब न्यायालय परिसर में आम जनों की आवाजाही भी हो रही थी, जिससे उसकी फरारी को अंजाम देना और भी चिंताजनक बन जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने घटना को गंभीर चूक मानते हुए दोषी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दे सकते हैं। जिससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर, फरार आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही न्यायालय परिसर के हर प्रवेश और निकास मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस को आशंका है कि अभियुक्त किसी पूर्व नियोजित योजना के तहत भागा है, इसलिए उसके संभावित सहयोगियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।



