उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

PET 2025: दो पालियों में होगी पीईटी परीक्षा, प्रत्येक पाली में लगभग 6 लाख अभ्यर्थी लेंगे भाग

मुख्य सचिव दीपक कुमार ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी मण्डलायुक्तों, जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर उप्र. अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) 2025 की तैयारियों और छात्रवृत्ति योजना की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने इस दौरान अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि पीईटी 2025 का आयोजन 6 और 7 सितंबर को प्रदेश के 48 जिलों में स्थापित 1479 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगा। इस परीक्षा में कुल 25,31,996 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, और प्रत्येक पाली में लगभग 6 लाख अभ्यर्थी भाग लेंगे।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी व्यक्तिगत रूप से करें और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायें। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का मूवमेंट होगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रेलवे और रोडवेज अधिकारियों को पहले से ही सतर्क कर दिया जाए। बारिश की स्थिति में भी अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य कार्मिकों की ड्यूटी के आदेश समय पर जारी कर दिये जाएँ। समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टैटिक मजिस्ट्रेट द्वारा आवंटित परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर परीक्षा के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करा ली जाए। परीक्षा अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था विद्युत विभाग के समन्वय से सुनिश्चित करायी जाये। यातायात व्यवस्था के लिए प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाए।

यह भी सुनिश्चित किया जाये जाये कि परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सीसीटीवी क्रियाशील हों। परीक्षा के दौरान आयोग मुख्यालय और जिला मुख्यालय द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा की लाइव मॉनीटरिंग की जाए। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण का विशेष महत्व होता है, इसलिए सभी कार्मिकों और पुलिस कर्मियों को विधिवत प्रशिक्षण और ब्रीफिंग समय से हो जाए। प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट्स की गोपनीयता बनाए रखने के लिए कोषागार में सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाए। प्रश्नपत्रों के सीलबंद पैकेट अभ्यर्थियों के समक्ष ही खोले जाएँ और परीक्षा समाप्ति के बाद सामग्री को सीलबंद किया जाए।

बैंक खातों में 2 अक्टूबर को चली जाए छात्रवृत्ति

मुख्य सचिव ने बताया कि कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को प्रथम चरण में 2 अक्टूबर को छात्रवृत्ति का वितरण सीधे उनके बैंक खातों में किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए आगामी 31 अगस्त तक सभी विद्यालयों और जिला विद्यालय निरीक्षकों द्वारा मास्टर डाटा का सत्यापन और लॉकिंग प्रक्रिया पूर्ण करायी जाए। शेष छात्रों को द्वितीय चरण में 31 दिसंबर, 2025 तक भुगतान किया जाएगा।

2,958 सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात

बैठक में बताया गया कि परीक्षा की सतत निगरानी के लिए 32,259 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, 2,958 सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 1,64,615 कार्मिकों की तैनाती की गई है। बैठक में यूपीएसएसएससी के अध्यक्ष डॉ. एस.एन. साबत, प्रमुख सचिव अल्पसंख्यक कल्याण सुश्री संयुक्ता समद्दार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी आदि मौजूद रहे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button