गो-तस्करी के प्रयास को पुलिस ने किया नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार

गौरव कुशवाहा
देवरिया: पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के नेतृत्व में जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भाटपार रानी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर फुलवरिया चौराहा मेन रोड पर छापेमारी कर एक मैजिक वाहन (UP 60 T 3384) से तीन गोवंशीय पशुओं की तस्करी का प्रयास विफल कर दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से अवधेश प्रसाद पुत्र मुनर प्रसाद, निवासी चोरडिहा, थाना खुखुन्दू, जनपद देवरिया को गिरफ्तार किया। वाहन से दो गाय और एक बछिया बरामद की गई, जिन्हें अवैध रूप से तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना भाटपार रानी में मु.अ.सं. 67/2025 के तहत गोवध निवारण अधिनियम (धारा 3/5A/8) एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (धारा 11) में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गो-तस्करी की इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद, उपनिरीक्षक दुर्गेश बरनवाल, कांस्टेबल प्रमोद यादव, कांस्टेबल सौरभ सिंह और कांस्टेबल मनीष चौरसिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने बरामद वाहन और गोवंशीय पशुओं को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में किसी भी प्रकार की गो-तस्करी या अवैध पशु तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है और इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।



