उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

प्रधानमंत्री मोदी के पंच प्रण ही विकसित भारत की आधारशिला: सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 17वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत सोमवार को मध्य प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ व उड़ीसा के प्रतिभागियों से संवाद किया। यह पूरा कार्यक्रम 25 सितंबर से प्रारंभ हुआ है, जो पहली अक्टूबर तक चलेगा। सीएम ने उत्तर प्रदेश में युवाओं का स्वागत व अभिनंदन करते हुए अपील की कि आप सब देश की एकता और अखंडता के लिए अपने को तैयार करेंगे। सीएम ने मेहमान युवाओं को शारदीय नवरात्रि और विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने पीएम के पंच प्रण की चर्चा की और कहा कि यह विकसित भारत की आधारशिला बनेंगे। इस दौरान खेल व युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी मौजूद रहे।

यह कार्यक्रम ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ अभियान का महत्वपूर्ण अंग

मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि यह पहल न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान का मंच है, बल्कि देश की एकता, अखंडता और विविधता में निहित एकता की भावना को सशक्त करने का अवसर भी है। आज लखनऊ में देश भर के लगभग200 नौजवान इस अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। इस कार्यक्रम के जरिए हमें पूरे देश को देखने, समझने और एक-दूसरे के साथ अपनी संस्कृति को साझा करने का अवसर भी प्राप्त होता है।

पूरे भारत की भाव-भंगिमा एक

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि भले ही हमारी बोली-भाषा में थोड़ा अंतर हो, लेकिन पूरे भारत की भाव-भंगिमा एक है। ह्यमाता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या:ह्ण, यह भाव अपनी धरती के प्रति हर भारतवासी के मन में हमेशा देखने को मिलता है। यह भाव संस्कृति, परंपरा में भी है। यही कारण है कि जब देश गुलामी की बेड़ियों से जकड़ा था, तब धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने उस भाव को फिर से जागरूक करके विदेशी हुकूमत को भारत की धरती से भागने के लिए मजबूर किया था। यह वर्ष उनकी 150वीं जयंती वर्ष भी है और भारत के संविधान को लागू होने के अमृत महोत्सव वर्ष के साथ ही 17वां जनजातीय छात्रों के आदान-प्रदान कार्यक्रम आज लखनऊ में आयोजित हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने रखा है विकसित भारत का बड़ा विजन

युवाओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों के सामने विकसित भारत का बड़ा विजन रखा है। भारत तब विकसित होगा, जब हर देशवासी के मन में विकसित होने का संकल्प होगा और वे इसे अपने जीवन का मंत्र बनाएंगे। कांदला, कालाहांडी, सिंहभूमि, गढ़चिरौली, कांकेर, नारायणपुर, बालाघाट हो या बीजापुर, जब यह सभी विकसित होंगे तो भारत विकसित होगा। जब देश विकसित होगा तो 140 करोड़ भारतवासियों की आशा और आकांक्षा के अनुरूप हमें विकास हर जगह देखने को मिलेगा।

हर भारतवासी के मन में आने चाहिए पंच प्रण
सीएम ने पीएम मोदी के ‘पंच प्रण’ का जिक्र किया और कहा कि हर भारतवासी के मन में पंच प्रण आना चाहिए। हम भारत के सभी महापुरुषों, देवी-देवताओं, ऋषि-मुनियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति श्रद्धा का भाव रखते हैं। हमारे मन में विरासत पर गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। नंबर दो पर प्रधानमंत्री जी ने कहा कि गुलामी की मानसिकता को त्यागना होगा। गुलामी की मानसिकता वह है, जो हम लोगों के मन में आती है कि साहब, हम नहीं कर पाएंगे। यह गलत है। हम कर सकते हैं, हम करेंगे, यह भाव हमारे मन में होना चाहिए।

सेना, अर्धसेना व पुलिस के जवानों के प्रति मन में हो सम्मान का भाव

तीसरा-देश की सुरक्षा के लिए बलिदान देने के लिए सदैव तत्पर रहने वाली सेना, अर्धसेना, पुलिस के जवानों और उस यूनिफॉर्म के प्रति हर भारतीय के मन में सम्मान का भाव होना चाहिए। चौथा-सामाजिक एकता यानी ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’। देश में राज्य, जातियां, खान-पान, बोली-भाषा अलग-अलग होगी, लेकिन इन सभी के बावजूद हम भारतीय हैं। ‘नेशन फर्स्ट’ के इस अभियान के साथ हम सभी जुड़कर कार्य करेंगे। सामाजिक एकता का यह भाव हर भारतीय के मन में होना चाहिए। पाँचवा है- नागरिक कर्तव्य। छात्र, शिक्षक, किसान, युवा, सरकारी सेवक, जनप्रतिनिधि समेत हर तबके का व्यक्ति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। नागरिक कर्तव्य के रूप में जिस व्यक्ति की जो जिम्मेदारी है, उस कार्य को वो ईमानदारी से करे। यही हमारा राष्ट्रीय दायित्व होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंच प्रण विकसित भारत की आधारशिला बनेंगे। विकसित भारत 140 करोड़ की आबादी की आशा और आकांक्षाओं के अनुरूप होगा।

सीएम ने दिया निर्देश- युवाओं को कराएं अयोध्या का भ्रमण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से विधानसभा और मेट्रो का भ्रमण करने का आग्रह किया। बोले कि देखिए कि कैसे विकास होता है, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का माध्यम कैसे आगे बढ़ सकता है। सीएम ने कहा कि भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास के दौरान उनका सहयोग सबसे ज्यादा जनजातीय समुदाय के लोगों ने किया था। भगवान राम की पावन जन्मभूमि में उनके भव्य मंदिर का निर्माण हो गया है। सीएम ने उत्तर प्रदेश के युवा कल्याण विभाग को निर्देश दिया कि इन युवाओं को अयोध्या का भ्रमण भी कराएं। यह लोग अयोध्या देखें और जानें कि विकास कैसे होता है। सीएम ने युवाओं से कहा कि आज जो अयोध्या आप देखेंगे, वह आज से 8-10 साल पहले ऐसी नहीं थी। वहां सड़कें बहुत पतली हुआ करती थीं, वहां कुछ भी नहीं था पर आज अयोध्या अत्यंत विकसित हो गई है। अयोध्या देखिए और बताइए कि वहां कैसा विकास हुआ है, लखनऊ में कैसा विकास हुआ है। ऐसे ही हमें भी मॉडल बनाना चाहिए। यह चीजें आप कहेंगे तो विकास अवश्य होगा।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button