होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर छापेमारी, कई जोड़े पकड़े गए, होटल सीज

सलेमपुर, देवरिया: सलेमपुर क्षेत्र के होटल आलोक में गुरुवार दोपहर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कई युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। इस कार्रवाई के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की जांच में होटल के दस्तावेजों में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से होटल को सीज कर दिया।
सलेमपुर पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि होटल आलोक में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इस पर सीओ दीपक शुक्ला और मजिस्ट्रेट गोपाल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने प्रभारी निरीक्षक तेज जगन्नाथ सिंह के साथ होटल पर छापेमारी की। पुलिस टीम को कमरों में कई युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
पुलिस ने जब होटल के कागजातों की जांच की तो उसमें अनियमितताएं पाई गईं। होटल बिना उचित रजिस्ट्रेशन और मानकों के संचालन कर रहा था, जिस पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में होटल को सीज कर दिया गया। पकड़े गए सभी युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है, और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस छापेमारी के बाद अन्य होटलों और लॉज संचालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अगर कोई भी होटल संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।



