मतदाता सूची का रिवीजन राष्ट्रीय स्तर पर हाेना चाहिए: केशव प्रसाद मौर्य
मतदाता सूची के रिवीजन से इंडी ठगबंधन की 'डिवीज़न' की रणनीति 'चरमरा' गयी

लखनऊ। बिहार में मतदाता सूची के रिवीजन का जहां विपक्षी पार्टियां विरोध कर रही हैं वहीं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रीय स्तर पर मतदाता सूची के रिवीजन कराने की मांग की है।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि मतदाता सूची के रिवीजन से इंडी ठगबंधन की ‘डिवीज़न’ की रणनीति ‘चरमरा’ गयी है। इसलिए उनका शोर मचाना लाज़िमी है। इसके बल पर ही कांग्रेस और उसके पिछलग्गू मसलन सपा व राजद जैसे दल अभी तक अपनी राजनीति चमकाते रहे हैं। इसलिए रिवीजन का नेक कार्य केवल बिहार ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अति शीघ्र करना चाहिए।
एक दूसरे ट्वीट में केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा कि हर शिव भक्त, राम भक्त, कृष्ण भक्त, कुंभ स्नानार्थी, माँ दुर्गा या गणपति के उपासक, रामलीला देखने – करने वाले को अक्सर भाजपाई मान लिया जाता है। इस पर हमें गर्व है। जब यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्वक चलते हैं, तब कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की साज़िश करते हैं। कभी स्कूल बसों पर हमला, कभी यात्रियों या सुरक्षाबलों से झड़प। ऐसे कृत्य भक्ति नहीं बल्कि विरोधी राजनीतिक दलों और अराजक तत्वों की साज़िश होती है। कांवड़ यात्रा सहित ऐसी हर घटना की निष्पक्ष जाँच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।



