“स्कूल चलो अभियान” का शुभारंभ, हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प

गौरव कुशवाहा
देवरिया: शिक्षा को सभी तक पहुँचाने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन में “स्कूल चलो अभियान” का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी रहे, जबकि जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान बेसिक शिक्षा परिषद की अध्यापिका तूलिका चतुर्वेदी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि सरकार प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते और अन्य सुविधाएँ दे रही है ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है और शिक्षकों से अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने का आग्रह किया। उन्होंने ‘स्कूल चलो अभियान’ को एक महत्वपूर्ण पहल बताया, जिसका उद्देश्य 6-14 वर्ष के सभी बच्चों को स्कूल से जोड़ना है।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने शिक्षा की अनिवार्यता और ड्रॉपआउट दर को कम करने पर जोर दिया। अभियान के तहत घर-घर संपर्क, प्रेरक रैलियाँ और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों को आवश्यक उपकरण वितरित किए गए। इसके पश्चात मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय ने छात्रों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्र, जिला समन्वयक एमआईएस अंकित मिश्र, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशि सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी रतन कुमार, जिला समन्वयक सामुदायिक शिक्षा डॉ. आलोक पांडे, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा ज्ञानेंद्र सिंह समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ल ने किया।



