हाटा नगर पंचायत पर सपा ने लहराया परचम

- नगर पंचायत सुकरौली व मथौली पर निर्दलियों ने जमाया अपना कब्जा
हाटा, कुशीनगर। निकाय चुनाव में बीते 4 मई को हुए मतदान के बाद शनिवार को हुए मतगणना में हाटा नगरपालिका जो भाजपा का गढ़ रहा है पर सपा ने भाजपा को हराकर अपना परचम लहरा दिया। वहीं पहली बार निकाय बने सुकरौली व मथौली पर राजनीतिक पार्टियों को पछाड़ते हुए निर्दलियों ने अपना अपना कब्जा जमा लिया।
निकाय चुनाव की मतगणना निर्धारित समय सुबह आठ बजे से श्री गांधी स्मारक इंटर कालेज के परिसर में शुरु हुई। हाटा नगरपालिका क्षेत्र के लिए 25 टेबल तथा नगर पंचायत सुकरौली व मथौली के लिए सात- सात टेबल लगे थे। हाटा नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी रामानन्द सिंह ने प्रथम चरण की मतगणना से ही भाजपा प्रत्याशी राजू मद्धेशिया पर जो जीत का अन्तर बनाया वह अन्तिम चरण की मतगणना के बाद काफी बढ़ गया। अन्तिम चरण की गणना के बाद सपा प्रत्याशी रामानन्द सिंह ने कुल 19,793 मत पाकर अपने निकटतम भाजपा प्रत्याशी राजू मद्धेशिया जिन्हें 17,138 मत मिला था को 2,655 मतों से पराजित कर नगरपालिका पर सपा का परचम लहरा दिया। जबकि बसपा से प्रत्याशी रहे धर्मराज गुप्ता 13,979 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं दूसरी तरफ नगर पंचायत सुकरौली की मतगणना में निर्दल प्रत्याशी राजनेति कश्यप ने कुल 5503 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रत्याशी रहे भाजपा के वरुण जायसवाल जिन्हें कुल 4565 मत प्राप्त हुआ था को 938 मतों से पराजित कर नगर पंचायत पर अपना कब्जा जमा लिया। वहीं मथौली नगर पंचायत पर निर्दल प्रत्याशी नवरंग सिंह 3060 मत प्राप्त कर अपने निकटतम सपा राकेश उर्फ भोला यादव जिन्हें 3016 मत प्राप्त हुआ था को 44 मतों पराजित कर अपना कब्जा जमाया।
नगरपालिका क्ष्रेत्र का होगा चहुंमुखी विकास:राधेश्याम सिंह
हाटा नगरपालिका क्षेत्र की जनता ने सपा को जिस उम्मीद के साथ नगरपालिका का ताज सौंपा है वह अवश्य ही पूरा होगा तथा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास किया जायेगा। उक्त बातें पूर्व राज्यमंत्री व सपा के कद्दावर नेता राधेश्याम सिंह ने कही । उन्होंने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में शामिल गांव जिन्हें ग्रामीण क्षेत्र की सुविधा मिल रही थी उन्हें नगरीय क्षेत्र की सुविधा दिलायी जायेगी तथा वहां पर विकास की गाथा लिखी जायेगी। उन्होंने कहा कि हाटा जब से निकाय बना है इस पर भाजपा का कब्जा रहा है लेकिन इनके द्वारा जो विकास कराये गये हैं जनता खुद देख रही है। जनता ने इसका जवाब अपने मतों से देकर सपा के पक्ष में जो निर्णय दिया खरी उतरेगी।



