चित्रकूट। रैपुरा थाने के देवकली गॉव में सिपाही मयंक कुमार ने सरकारी रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर लिया है। बताया जा रहा है घटना के एक घंटे पहले ही सिपाही की पत्नी ने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
जिसके बाद बदहवास सिपाही मयंक ने परिजनों से चुनाव ड्यूटी में जाने की बात कह कर सरकारी रायफल लेकर घर से बाहर निकल कर रास्ते में घर से कुछ दूरी पर दाढ़ी में रायफल लगाकर फायर कर दिया।
जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गयी है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बिजनौर से प्रथम चरण के चुनाव की ड्यूटी करने के बाद मृतक आरक्षी बीती 21 अप्रैल को अपने गांव देवकली आया था। आज उसको दूसरे चरण के मतदान के लिए नोएडा निकलना था। देर रात हुई इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया है।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ए के सिंह ने कहा कि आगे की कार्यवाही फील्ड यूनिट की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। पति-पत्नी दोनों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।