ट्रक चालक से मारपीट व तोड़फोड़ मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

देवरिया | थाना बरियारपुर क्षेत्र के पड़री मल्ल चौराहे पर ट्रक चालक के साथ मारपीट और ट्रक में तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को बरियारपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना को लेकर पुलिस ने शकील अंसारी, शफीक अंसारी और असगर अली के खिलाफ मामला दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिनांक 19 फरवरी 2025 को पड़री मल्ल चौराहे पर तीन युवकों ने एक ट्रक चालक से मारपीट कर दी और ट्रक के शीशे तोड़ डाले। इस घटना के बाद ट्रक चालक ने थाना बरियारपुर में तहरीर देकर न्याय की मांग की।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में तथा क्षेत्राधिकारी सलेमपुर दीपक शुक्ला के नेतृत्व में थानाध्यक्ष बरियारपुर ने त्वरित कार्रवाई की और पड़री मल्ल चौराहे से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 53/2025 के तहत धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3), 324 बी.एन.एस. के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
गिरफ्तार करने वाली बरियारपुर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल अरविंद यादव और कांस्टेबल पवन पाल शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी तरह की अराजकता और कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यदि कोई भी व्यक्ति सड़क पर झगड़ा, तोड़फोड़ या मारपीट करेगा तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।



