नाबदान के पानी भरे गड्ढे में डूबे दो मासूम, खेलते समय हुआ दर्दनाक हादसा

नेबुआ नौरंगिया (कुशीनगर)।
खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम भुजौली पूरब टोला में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की नाबदान के पानी से भरे गड्ढे में डूबकर मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भुजौली पूरब टोला निवासी रामायण का पांच वर्षीय पुत्र आर्यन अपने पड़ोसी इशान (3) पुत्र दीपलाल के साथ रामरूप सिंह के घर के समीप क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद पास में बने नाबदान के पानी को जमा करने वाले गड्ढे में चली गई। गेंद निकालने के प्रयास में दोनों बच्चे गड्ढे के भीतर गिर गए और पानी में डूब गए।
कुछ देर बाद जब ग्रामीणों की नजर पड़ी तो दोनों बच्चे अचेत अवस्था में थे। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर एसडीएम रामवीर सिंह, इंस्पेक्टर गिरजेश उपाध्याय, एसआई शर्मा सिंह यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। एसडीएम की मौजूदगी में पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई में जुटी है।



