ग्राम विकास अधिकारी के घर का ताला तोड़ हुई लाखों की चोरी

बहराइच। नगर के मोहल्ला रायपुर राजा निवासी ग्राम विकास अधिकारी का परिवार मुंडन संस्कार के लिए परिवार समेत हरिद्वार गया था। यहां मकान पर कोई नहीं था। इसकी भनक लगते ही चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में घुसकर जेवरात व ढाई लाख नकदी समेत लगभग 50 लाख की चोरी की गयी। पीड़ित बीडीओ की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम के लोगों ने मौके पर मुआयना किया।
कोतवाली देहात के मोहल्ला रायपुर राजा निकट इनकम टैक्स ऑफिस के पास कृष्ण मोहन त्रिपाठी पुत्र जय शंकर प्रसाद त्रिपाठी ग्राम विकास अधिकारी हैं और वह कैसरगंज ब्लॉक में तैनात हैं। पीड़ित कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उनके बेटे का मुंडन संस्कार हरिद्वार में होना था। जिसके लिए सभी परिवार के लोग हरिद्वार दो मई को गए हुये थे। गुरुवार को सभी वापस अपने घर आए तो मकान का ताला टूटा पड़ा मिला तथा घर में सभी अलमारी टूटे थे।
पीड़ित द्वारा दी गयी अपनी तहरीर में बताया कि 50 लाख मूल्य के सोने चांदी के जेवरात, 100 से अधिक चांदी के सिक्के, बेटे को मिले कपड़े और ढाई लाख रूपए नकदी चोरी हो गई है। चोरी की सूचना पर कोवतली देहात पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने जायजा लिया। कोतवाल आर.के. पांडेय ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जायेगा।



