विदेश

अमेरिका और यूक्रेन के बीच साइन हुई मिनरल डील, जेलेंस्की को मिलेगी सैन्य मदद; ट्रंप निकालेंगे दुर्लभ खनिज

वाशिंगटन: अमेरिका और यूक्रेन ने एक ऐतिहासिक आर्थिक समझौते का ऐलान किया है। इस समझौते के बाद से यूक्रेन को अमेरिकी सैन्य एवं आर्थिक मदद मिल सकेगी। लेकिन, एवज में उसके खनिज संसाधनों तक अमेरिका की पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी। कई हफ्तों तक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव के बाद दोनों देशों के बीच यह समझौता हुआ है। अमेरिका अब तक यूक्रेन को अरबों डॉलर की सैन्य और आर्थिक मदद दे चुका है।

क्या बोले अमेरिका के वित्त मंत्री

अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेन्ट ने एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा कि ‘यह साझेदारी अमेरिका को यूक्रेन के साथ निवेश करने, यूक्रेन की विकास संपदा का उपयोग करने और अमेरिकी प्रतिभा, पूंजी तथा शासन मानकों को जुटाने की अनुमति देती है। यूक्रेन के निवेश माहौल में सुधार करेंगे और आर्थिक सुधार को गति देंगे।’’

ट्रंप कर रहे हैं जंग खत्म करने की कोशिश

देखने वाली बात यह है कि, ऐलान ऐसे समय पर हुआ है जब ट्रंप रूस और यूक्रेन के बीच जंग को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। ट्रंप इस लड़ाई के लंबा खिंचने से निराश भी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की आलोचना करते हुए कहा था कि उनकी नीतियों के चलते युद्ध लंबा खिंच रहा है और निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं। ट्रंप ने बातचीत को जटिल बनाने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भी आलोचना की है।

यूक्रेन की मंत्री ने क्या कहा

यूक्रेन की अर्थव्यवस्था मंत्री यूलिया स्विरीडेन्को ने एक्स पर एक पोस्ट में समझौता होने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘हम अमेरिका के साथ मिलकर एक कोष बना रहे हैं जो हमारे देश में वैश्विक निवेश को आकर्षित करेगा।’’ दोनों पक्षों ने समझौते के बारे में केवल सामान्य जानकारी दी, लेकिन उम्मीद है कि इससे अमेरिका को देश के बहुमूल्य दुर्लभ खनिजों तक पहुंच मिल जाएगी जबकि रूस के साथ जारी युद्ध में कीव को अमेरिकी समर्थन मिलते रहने की उम्मीद है।

संसद की मुहर है जरूरी 

खास बात यह है कि समझौते पर यूक्रेन की संसद की मुहर जरूरी होगी और इसी के बाद यह प्रभावी होगा। प्रधानमंत्री डेनिस श्म्यहाल ने यूक्रेन में एक टेलीविजन संदेश में कहा कि यूक्रेन की अर्थव्यवस्था मंत्री और उप प्रधानमंत्री यूलिया स्विरीदेन्को समझौते को अंतिम रूप देने में मदद करने के लिए बुधवार को वाशिंगटन पहुंची थीं। यूक्रेन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं होने की शर्त पर बताया कि समझौते का मुख्य भाग तय हो चुका है, फिर भी बाधाओं को दूर करना बाकी है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लिए यह समझौता भविष्य में अमेरिकी सैन्य सहायता तक अपनी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Back to top button