बहराइच: जमीनी विवाद में मारपीट, दंपती समेत चार घायल
बहराइच। बंधन सिंह पुरवा गांव में मकान निर्माण के लिए मिट्टी पटान कर रहे परिवार पर दबंगों ने हमला कर दिया। जिसमें दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। महिला की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। खैरीघाट थाना क्षेत्र के बंधन सिंह पुरवा गांव निवासी प्रदीप पुत्र राकेश का जमीनी विवाद प्रीतम आदि से चल रहा है।
रविवार सुबह प्रदीप मकान निर्माण के लिए घर में मिट्टी का पटान करवा रहा था। तभी रिंकू प्रीतम नन्हे व अन्य दबंगों ने हमला कर दिया। हमले में प्रदीप को बचाने दौड़ी पत्नी पुष्पा और बेटे धर्मेंद्र तथा सुशील को भी पीटा। जिससे सभी घायल हो गए।
शोर सुनकर दौड़े गांव के लोगों ने बीच बराव कराया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर पुष्पा देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घर प्रदीप ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।