देश के एक लाख स्थानों पर होगा विहिप के संगठन का विस्तार : परांडे
अयोध्या। विश्व हिन्दू परिषद के अतंरराष्ट्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने शनिवार को यहां कहा कि विहिप अपने षष्ठी पूर्ति वर्ष के अंतर्गत देश के एक लाख स्थानों पर संगठन को विस्तार देगी। इसके अलावा कारसेवकपुरम् में विहिप प्रन्यासी मंडल की बैठक में हिंदू समाज को संगठित करने तथा देश में चल रहे जनसंख्या असंतुलन, लव जिहाद, विदेशी मुस्लिम घुसपैठ, गुपचुप तरीके से ईसाई मिश्नरियों द्वारा चलाये जा रहे अवैध धर्मांतरण जैसे गंभीर विषयों पर चिंतन करेगी। बताया इससे निपटने की कार्ययोजनाओं को भी मूर्त रूप देगी।
वो श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण कार्यशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विहिप की यह प्रन्यासी मंडल की बैठक विलंब से और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान श्रीराम लला के प्राणप्रतिष्ठा कार्यक्रम के उपरांत होने जा रही है। संकल्प की सिद्धि का सुखद आनंद सभी ध्येय निष्ठ कार्यकर्ताओं के हृदय को स्वाभिमान और गर्व से झंकृत कर रहा है। यहाँ आयोजित यह षष्ठी पूर्ति वर्ष की बैठक संगठन कार्यकर्ताओं में नवीन ऊर्जा का संचार करने के साथ आगामी कार्यक्रमों की योजना रचना को गति प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्षों की भांति ही इस वर्ष भी विश्व हिंदू परिषद सहित उसके अनुसांगिक संगठनों बजरंग दल, दुर्गावाहिनी और मातृशक्ति के प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन भी होगा। कहा कि सीएए कानून का लाभ पाकिस्तान अफगानिस्तान और बांग्लादेश से आये हुये निर्वासित हिन्दू, जैन, बौद्ध सिक्ख समाज के लोगों को भारत की नागरिकता दिलाने के लिये विहिप पूरी निष्ठा के साथ आगे रहेगी।
बैठक में विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष आरएन सिंह (पद्मश्री), कार्याध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार और विश्व हिन्दू परिषद के उपाध्यक्ष चम्पत राय भी मौजूद रहेंगे।