
गुरुग्राम: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। वे 89 वर्ष के थे। उन्होंने गुरुग्राम स्थित अपने निवास पर आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर सुनते ही समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
चौधरी देवीलाल के बेटे थे ओम प्रकाश चौटाला
ओम प्रकाश चौटाला को सियासत विरासत में मिली थी। वे हरियाणा के साथ ही देश की सियासत में मशहूर रहे चौधरी देवीलाल के बेटे थे। चौधरी देवीलाल 1989 में जनता दल की सरकार में देश के उप प्रधानमंत्री रहे थे।
चौधरी देवीलाल की 5 संतानों में से ओम प्रकाश चौटाला सबसे बड़े बेटे थे। देवीलाल जब डिप्टी पीएम बने तो उन्होंने हरियाणा की जिम्मेदारी संभाली। ओम प्रकाश चौटाला 1989 से 91 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। 1999में ओम प्रकाश चौटाला ने बीजेपी की मदद से हरियाणा में सरकार बनाई और सीएम बने। वे चार बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे।
ओम प्रकाश चौटाला के दो बेटे अजय और अभय चौटाला हैं। दोनों हरियाणा की राजनीति में सक्रिय हैं। अजय चौटाला के बेटों के नाम दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला है। दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रह चुके हैं।



