महाशिवरात्रि के मद्देनजर डीएम और एसपी ने किया सोमनाथ मंदिर का निरीक्षण

देवरिया में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने जनपद के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, प्रवेश व निकासी मार्ग, पार्किंग, सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, चिकित्सा सहायता, रोशनी और सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने जलभराव की समस्या को समय रहते निपटाने और मंदिर मार्गों को व्यवस्थित रखने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती होगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ मंदिर मार्गों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, हेल्प डेस्क की स्थापना और यातायात को सुचारु बनाए रखने के इंतजाम किए जा रहे हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सादे वस्त्रों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।



