पुलिस के हत्थे चढ़ा वांछित अभियुक्त, गंभीर धाराओं में दर्ज था मुकदमा

गौरव कुशवाहा
देवरिया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देशन में जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर कारखाना थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था और उसकी तलाश पुलिस को लंबे समय से थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अभियुक्त का नाम छोटे लाल यादव है, जो डुमरी गांव थाना रामपुर कारखाना जनपद देवरिया का निवासी है। आरोपी के खिलाफ थाना रामपुर कारखाना में मुकदमा अपराध संख्या 058/2025 धारा 191(2), 191(3), 115(2), 352, 109(1) भारतीय दंड संहिता में दर्ज है। पुलिस टीम ने उसे ग्राम गौरा तिराहे के पास से दबोचा।
इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ गंभीर अपराधों में लिप्त होने के आरोप हैं। गिरफ्तारी के दौरान उपनिरीक्षक आशा राम, कांस्टेबल अनमोल यादव और दुर्गा प्रसाद यादव की टीम ने संयम और सूझबूझ के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में की गई इस कार्यवाही को जनपद पुलिस की अपराधियों के खिलाफ चल रही मुहिम की अहम उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने इस गिरफ्तारी की सराहना करते हुए टीम को भविष्य में भी इसी तरह सजग रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि अभियुक्त के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।



