उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

Shravan 2025: श्रावण मास के पहले दिन शिवालयों में भक्तों का तांता, काशी विश्वनाथ के दर्शन को श्रद्धालुओं की लंबा कतार

लखनऊ। देवाधिदेव भगवान शिव के प्रिय मास श्रावण के पहले दिन शुक्रवार को वाराणसी समेत समूचे उत्तर प्रदेश में शिवालयों में श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव के उदघोष के साथ जलाभिषेक किया। इस दौरान सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किये गये हैं।

सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक

मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक व हवन किया। रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कर उन्होंने भगवान भोले शंकर से चराचर जगत के कल्याण और सभी नागरिकों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मंदिर के अपने आवास के प्रथम तल स्थित शक्तिपीठ में योगी ने भगवान भोलेनाथ को विल्व पत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प समेत अनेकानेक पूजन सामग्री अर्पित करने के बाद जल, दूध और ऋतुफल के रस से रुद्राभिषेक किया।

मठ के विद्वत आचार्यगण एवं पुरोहितगण ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक संपन्न कराया। रुद्राभिषेक के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया। विधि विधान से पूर्ण हुए रुद्राभिषेक अनुष्ठान के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय व शांतिमय जीवन की मंगलकामना की।

काशी विश्वनाथ के दर्शन को उमड़ी भारी भीड़

वाराणसी से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार ज्योर्तिलिंग काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिये देर रात से ही श्रद्धालु कतारबद्ध हो चुके थे। मंदिर में कावंड़िये अपने आराध्य का जलाभिषेक करने को आतुर दिखे। कतार में लगे श्रद्धालु हर हर महादेव शंभू,काशी विश्वनाथ गंगे का उदघोष करते हुये अपनी बारी का इंतजार करते दिखायी दिये। इस दौरान पुलिस के जवान सुरक्षा इंतजाम में मुस्तैद दिखे। सीसीटीवी और ड्रोन के जरिये भी अराजक तत्वों पर नजर रखी जा रही थी।

लोधेश्वर महादेवा में कांवड़िये ने किया जलाभिषेक

बाराबंकी में लोधेश्वर महादेवा में बड़ी संख्या में कांवड़िये भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे थे। ये कांवड़िये हरिद्वार, कन्नौज, कानपुर समेत अन्य स्थानों से गंगा जल से भरी कांवड़ लेकर नंगे पैर चलकर आये थे। श्रद्धा और भक्ति के अनूठे संगम में सभी भगवान शिव की आराधना कर रहे थे।

लखनऊ और कानपुर के देवालय में भी पहुंचे शिव भक्त

लखनऊ में मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर समेत अन्य देवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ देखी गयी। कानपुर में गंगा तट पर स्थित आंनदेश्वर, सिद्धेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार दोपहर तक लगी रही। बलरामपुर, गोंडा, बरेली, प्रयागराज और देवरिया समेत समूचे प्रदेश में देवालय हर हर महादेव के उदघोष से गूंजते रहे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button