जनता दर्शन में सीएम योगी सख्त, बोले- कमजोरों को उजाड़ने और जमीन पर कब्जा करने वालों को बख्शें नहीं

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कमजोर और निर्बल लोगों को उजाड़ने वाले तथा अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। सरकार ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ के भाव से जनसेवा कर रही है, इसलिए हर पीड़ित की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
.jpg)
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनके प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के लिए भेजा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित और संतुष्टिपरक समाधान किया जाए। साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या दूर कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
जमीन विवादों में निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश
.jpg)
सीएम योगी ने कहा कि अवैध कब्जा करने वालों और कमजोर लोगों को उनकी जमीन से बेदखल करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। हालांकि, यदि जमीन-जायदाद से जुड़ा विवाद पारिवारिक है, तो संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जाए।
राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में न हो अन्याय
मुख्यमंत्री ने राजस्व और पुलिस से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उसकी समस्या का समाधान करना होगा।
सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे
सीएम योगी ने अधिकारियों से यह भी कहा कि जो लोग किसी कारणवश सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं, उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने जनकल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाने के सरकार के संकल्प के अनुरूप काम करने पर जोर दिया।



