जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा को सकुशल, नकल विहीन तथा निर्विघ्न सम्पन्न कराने के सम्बन्ध में एक आवश्यक बैठक हुई आयोजित
सभी सेक्टर तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने सेंटरों का कर लें निरिक्षण-जिलाधिकारी

ख्वाजा एक्सप्रेस संवाददाता

बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कल आयोजित होने वाली लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी/ सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2023 को सकुशल, नकल विहीन तथा निर्विघ्न सम्पन्न कराने के सम्बन्ध में एक आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सेक्टर तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने सेंटरों पर जाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं देख ले कि केन्द्रों पर शत प्रतिशत सीसीटीवी कैमरा लग गए हों तथा उसकी ऑडियो तथा वीडियो रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी जाए । समस्त परीक्षा केन्द्रो पर बायोमेट्रिक से उपस्थित शत प्रतिशत लगवाई जाए । परीक्षा को संवेदनशीलता के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए । कांवड़ यात्रा में जिन मजिस्ट्रेट कि ड्यूटी लगी है वे समय से अपनी अपनी ड्यूटी पर पहुंच जाएं ।

परीक्षा केन्द्रों के आस पास निर्धारित क्षेत्र में फोटो स्टेट की दुकाने बन्द रखी जाए तथा परीक्षाकेंद्र के गेट पर देर तक भीड़ को इकट्ठा न होने दिया जाये । उन्होंने कहा कि यदि किसी स्टेटिक/सेक्टर मजिस्ट्रेट को कोई समस्या आती है तो वह टोल फ्री नंबर 5812428188 तथा 5812422202 पर संपर्क कर सकते हैं।
अपर जिलाधिकारी नगर ने बताया कि लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2023 की लिखित परीक्षा 27 जुलाई (रविवार) को पूर्वान्ह 09.30 बजे से 12.30 बजे तक सम्पन्न होगी। परीक्षा हेतु जनपद में 43 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं, जिस पर 19656 परीक्षार्थी परीक्षा देंगें। उन्होंने अवगत कराया कि परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के लिये 43 स्टेटिक व 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं इसके अतिरिक्त चार स्टेटिक व चार सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व में भी रखे गए हैं। अपर जिलाधिकारी नगर ने स्पष्ट निर्देश दिये कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर परीक्षार्थियों का प्रवेश परीक्षा से एक घण्टा 30 मिनट पूर्व से दिया जायेगा तथा परीक्षा आरम्भ होने के 45 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का गेट बंद कर दिया जायेगा और उसके बाद किसी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जायेगा अतः सभी समय का विशेष ध्यान रखे। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह , जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह सहित समस्त स्टेटिक/सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।।



