पीएम मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर भाजपा सक्रिय, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने की बैठकें

- बूथ स्तर तक संपर्क अभियान चलाने के निर्देश, महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर
लखनऊ/वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में महिला मोर्चा, जिला व महानगर पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अलग-अलग बैठकें कीं।
बैठकों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है।
उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रयासों में बाधा डाली गई। साथ ही तीन तलाक कानून और पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने जैसे निर्णयों को महिलाओं और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सम्मेलन को लेकर बूथ स्तर तक तैयारी
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अब तक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सम्मेलन की सफलता के लिए बूथ स्तर तक संपर्क अभियान चलाया जाए। प्रत्येक महिला मतदाता तक पहुंच बनाकर उन्हें कार्यक्रम में शामिल करने का लक्ष्य तय किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल स्वागत कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ संवाद और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं को दी गई है, जिससे उनकी नेतृत्व क्षमता और भागीदारी का मजबूत संदेश जाएगा।



