उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

अखिलेश यादव का आरोप- भाजपा सरकार ‘अलोकतांत्रिक और अमानवीय’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ”अलोकतांत्रिक और अमानवीय” है और महिलाओं के खिलाफ अपराधों से जुड़े कई मामलों में न्याय दिलाने में विफल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां पार्टी के राज्य मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि गाजीपुर, हाथरस और हरदोई जैसे जिलों में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाओं में पीड़ितों को न्याय नहीं मिला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पीड़ितों के परिवारों से मिलने जा रहे सपा के प्रतिनिधिमंडलों को निशाना बना रहा है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर रहा है। यादव ने कहा कि हाशिए पर पड़े समुदायों को न्याय दिलाने और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा करने की ‘बड़ी जिम्मेदारी’ सपा और उसके कार्यकर्ताओं पर है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ”भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार, चरम पर है। राजधानी लखनऊ में भाजपा भूमाफिया बनकर काम कर रही हैं, कोई भी योजना आने के पहले भाजपा से जुड़े लोग पहले ही जमीनें अधिग्रहित कर लेते हैं। लखनऊ के सभी तालाबों पर कब्जा हो गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि ”भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। उत्तर प्रदेश में गुंडे और माफिया खुलेआम घूम रहे हैं।”

उन्होंने सवाल किया कि इनके खिलाफ कब कार्रवाई होगी। यादव ने भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए उसे ”अलोकतांत्रिक और अमानवीय” तथा ”जन-विरोधी” करार दिया। उन्होंने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि लखनऊ में ‘ग्रीन कॉरिडोर’ पर लगभग 7,000 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद, यातायात जाम की समस्या बनी हुई है। यादव ने स्मार्ट बिजली मीटर लगाने में अनियमितताओं का आरोप लगाया और दावा किया कि सरकार उपभोक्ताओं पर बोझ डाल रही है, जबकि निजी कंपनियों को फायदा पहुंचा रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में कोई नया बिजली संयंत्र स्थापित नहीं किया गया है। सपा प्रमुख ने स्वास्थ्य सेवा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और सुविधाओं की कमी है, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज पर असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के गेहूं की खरीद नहीं हो रही है। पर्याप्त खरीद केन्द्र नहीं है। निजी लोगों को लाइसेंस दिया गया है और वे ही गेंहू खरीद रहे हैं।

यादव ने राज्य के कुछ हिस्सों में हाल ही में हुई आग की घटनाओं का भी ज़िक्र किया और आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं का इस्तेमाल ज़मीन खाली कराने के लिए किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने अपने आरोपों को लेकर कोई सबूत नहीं दिया। सपा प्रमुख ने भरोसा जताया कि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में ‘ऐतिहासिक जीत’ हासिल करेंगी। यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं की आवाज को दबा रही है और महिलाओं के लिए आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध नहीं है ।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button