एआई रोजगार बढ़ाने वाला टूल, छात्रों के लिए बना पॉकेट टीचर
जागृति के बरगद सभागार में एआई स्किल डेवलपमेंट वर्कशॉप, छात्रों को दी गई तकनीकी जानकारी

गौरव कुशवाहा/देवरिया। जागृति उद्यम केंद्र – पूर्वांचल की ओर से सोमवार को बरपार स्थित बरगद सभागार में एआई स्किल डेवलपमेंट वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल और सरस्वती सीनियर सेकेंड्री विद्या मंदिर, देवरिया खास के छात्र–छात्राओं ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग और संभावनाओं से परिचित कराना था।
कार्यशाला में एक्सपर्ट ओम आशीष मिश्रा ने छात्रों को एआई की बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब एआई की शुरुआत हुई थी, तब यह आशंका जताई जा रही थी कि इससे रोजगार कम होंगे, लेकिन वर्तमान समय में यह रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे एआई के साथ तालमेल बैठाकर अपने कौशल को विकसित करें।
एआई छात्रों के लिए “पॉकेट टीचर” की तरह काम कर सकता है। यदि छात्र स्कूल में पढ़ाई के बाद घर पर एआई का उपयोग करके विषयों को गहराई से समझें, तो उनके ज्ञान और कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने प्रॉम्प्ट, कम्प्लीशन, कॉन्टेक्स्ट विंडो और एपीआई जैसे तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि एआई प्लेटफॉर्म पर आधार कार्ड, डेबिट कार्ड या अन्य निजी दस्तावेज साझा नहीं करने चाहिए।
जागृति के इन्क्यूबेशन निदेशक विश्वास पांडेय ने कहा कि यह एआई का दौर है। एआई सीखने के साथ रोजगार सृजन का भी सशक्त माध्यम बन रहा है। युवा इस तकनीक को अपनाकर आगे बढ़ें। इस दौरान जागृति के प्रोग्राम एसोसिएट अभिषेक सिंह, अनुराग तिवारी, उद्यम मित्र अभिनव त्रिपाठी, डिजिटल सीओई के अंबिकेश चौबे, प्रधानाचार्य अखिलेश त्रिपाठी, मधुसूधनन ए आदि मौजूद रहे।



