देशबड़ी खबर

“असम-बंगाल में घुसपैठ अब असंभव, बॉर्डर को अभेद्य किला बना देंगे”, अमित शाह का घुसपैठियों को सख्त संदेश

अमित शाह ने शुक्रवार को ऐलान किया कि शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे। इस मौके पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल की नई सरकार कैसी होगी और किस दिशा में काम करेगी। अमित शाह ने साफ किया कि बीजेपी सरकार पश्चिम बंगाल और असम को अभेद्य किला बना देगी। अब घुसपैठियों के लिए बंगाल में घुसना असंभव होगा। कोलकाता में भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी को बंगाल का अगला मुख्यमंत्री नियुक्त किया और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिंसा और धमकियों की कई घटनाएं हुई हैं, लेकिन बंगाल चुनाव में लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया है।

अमित शाह ने कोलकाता में भाजपा विधायक दल की बैठक में कहा, “पश्चिम बंगाल के विकास के लिए हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे। बंगाल चुनाव में मिली जीत बेहद महत्वपूर्ण है। इस प्रचंड जनादेश के साथ हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।” इसके साथ ही उन्होंने वादा किया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद घुसपैठ और गौ-तस्करी असंभव हो जाएगी।

बंगाल की जनता को धन्यवाद कहा

अमित शाह ने कहा, “मैं हाथ जोड़कर बंगाल की जनता का कोटि-कोटि धन्यवाद करना चाहता हूं। कम्युनिस्टों के समय से जिस प्रकार का माहौल बनाया जाता था, ममता जी ने इसे और गहरे तरीके से भय में परिवर्तित किया। वहां मत की अभिव्यक्ति लगभग असंभव थी, हिंसा और क्रूरता के सैकड़ों उदाहरण उसके प्रमाण हैं। उसके बीच भाजपा और हमारे नेता श्री नरेन्द्र मोदी पर भरोसा कर बंगाल की जनता ने जो प्रचंड विजय हमें दी है, उसके लिए मैं बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। बंगाल की जनता ने हमसे जो अपेक्षा रखी और जिन आशाओं के साथ हमें बहुमत दिया है, हम पूरा प्रयास करेंगे कि आपके विश्वास को तनिक भी ठेस न पहुंचे, इसमें कोई कमी न हो। हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सोनार बांग्ला के लक्ष्य को लेकर हम चलें और बंगाल की जनता की अपेक्षाओं को हम पूर्ण करें।”

बंगाल में बीजेपी की जीत के मायने

बंगाल में बीजेपी के सरकार बनने की अहमियत बताते हुए अमित शाह ने कहा, “आज बंगाल की विजय अनेक दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण है। 100 साल की वैचारिक यात्रा के बाद आज गंगोत्री से गंगासागर तक हर जगह भाजपा की सरकार बनी है, यह हम सभी के लिए बहुत आनंद का विषय है। 1950 से जिस विचार की यात्रा लेकर हम निकले और जिनके नेतृत्व में हम चले। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भूमि पर 1950 के बाद आज 2026 में उन्हीं की पार्टी की सरकार बन रही है। जब अनुच्छेद 370 हटा तो देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में खुशी की लहर दौड़ी, लेकिन मुझे कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कहा था कि अभी भी कसर बाकी है। तब मैंने आश्चर्य से पूछा था, अब क्या बचा? तब उन्होंने कहा था, बंगाल में भाजपा का झंडा फहराना बाकी है। मैं मानता हूं कि आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जहां भी होंगे, पीएम मोदी के नेतृत्व को आशीर्वाद दे रहे होंगे कि आज मोदी जी के नेतृत्व ने भाजपा को गंगोत्री से गंगासागर तक पहुंचाया।”

घुसपैठ और गौ तस्करी असंभव होगी

गृहमंत्री ने कहा, “आज त्रिपुरा में हमारी सरकार है, असम में हमारी सरकार है और अब बंगाल में भी हमारी सरकार बनी है। घुसपैठ और गौ तस्करी असंभव होने वाली है। दृढ़ता के साथ बंगाल सरकार और भारत सरकार इस सीमा को राष्ट्र की सुरक्षा के अभेद किले की तरह परिवर्तित कर देगी। 23 प्रशासनिक जिलों में से 9 जिले ऐसे हैं, जहां दीदी का खाता भी नहीं खुला है। सूपड़ा साफ हो चुका है। मैंने ऐसा प्रचंड जनादेश कभी देखा नहीं क्योंकि सरकार काम करती है तो जनादेश मिलता है, लेकिन जहां विपक्षी दल में है और विरोधी दल के नेता को बोलने का मौका नहीं दिया जाता है, वहां पर सत्ताधारी दल का 9 जिलों में शून्य वोट ये केवल जनता और ईश्वर की कृपा है। भवानीपुर की जनता का मैं बहुत-बहुत धन्यवाद करना चाहता हूं। शुभेंदु दा ने गत चुनाव में दीदी को नंदीग्राम में हराया था। मैंने दीदी का एक इंटरव्यू देखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि मैं उनके गढ़ में लड़ने चली गई। दीदी, इस बार शुभेंदु दा ने आपको आपके घर में हराया है।”

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button