उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

CM योगी बोले- गोमाता तो स्वघोषित ‘राष्ट्रमाता’ हैं, घोषित करने की आवश्यकता नहीं है

बिजनौर/मुरादाबाद। गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि गाय हमारी माता है और मां-बेटे के रिश्ते को किसी आधिकारिक घोषणा की जरुरत नहीं है। बिजनौर के अफजलगढ़ स्थित आलमपुर गावड़ी में आयोजित एक भव्य समारोह को संबोधित करते हुए योगी ने स्पष्ट किया, ” गाय के साथ हमारा जन्म-जन्मांतर का अटूट नाता है। क्या मां और पुत्र के पवित्र संबंध के बीच किसी भी प्रकार की आधिकारिक घोषणा की आवश्यकता पड़ती है।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि आज का यह समारोह समाज को एक विशेष संदेश देने का सशक्त माध्यम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार दोपहर बिजनौर के अफजलगढ़ क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर जनपद को नई सौगातें दीं। इस अवसर पर उन्होंने पांच विस्थापितों को जमीन के मालिकाना हक से संबंधित अधिकार पत्र भी सौंपे। मंच से जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम बिजनौर की पावन धरा को नमन किया।

उन्होंने कहा कि नए भारत में यह क्षेत्र हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है क्योंकि यह पांचाल देश के इतिहास से जुड़ी हुई महाभारत की भूमि है, जिसने युगों-युगों से इतिहास को बनते और बिगड़ते देखा है। अपने संबोधन में धर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म सदैव उसकी रक्षा करता है, लेकिन जो व्यक्ति अपने निजी स्वार्थ के वश में होकर धर्म को हानि पहुंचाता है या उसे नष्ट करने का प्रयास करता है, धर्म अंततः उसका सर्वनाश कर देता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विकास और सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब भय और अराजकता से मुक्त होकर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार की नीतियां समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की हैं और आज का यह समारोह इसी समावेशी विकास की एक जीवंत झलक पेश करता है। बिजनौर की ऐतिहासिक और पावन धरा को नमन करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की समृद्धि और यहां के किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकताओं में शीर्ष पर है।

संबोधन के दौरान योगी ने पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले जहां प्रदेश में पहचान का संकट था, वहीं आज उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरे देश के लिए एक नजीर बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां निडर होकर स्कूल जा रही हैं और व्यापारी बिना किसी भय के अपना कारोबार कर रहे हैं, जो कि एक सकारात्मक संदेश है। मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने बिजनौर में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर जोर दिया ताकि भविष्य में यह क्षेत्र औद्योगिक और कृषि क्रांति का बड़ा केंद्र बनकर उभरे। अपने भाषण के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री ने जनता का आह्वान किया कि वे विकास की इस गति को बनाए रखने में सरकार का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का संकल्प अब धरातल पर उतरता दिखाई दे रहा है और आज के इस समारोह की गरिमा यह सिद्ध करती है कि जनता का विश्वास सही दिशा में है।

सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि हम रुकने वाले नहीं हैं और सुरक्षा के साथ-साथ समृद्धि का जो संदेश आज यहां से निकला है, वह पूरे प्रदेश में गूंजेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों के उत्साह को देखते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिजनौर की यह ऊर्जा आने वाले समय में प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर मंच पर बढ़ापुर विधायक कुंवर सुशांत सिंह, नहटौर विधायक ओमकुमार, विधायक अशोक राणा, पूर्व सांसद कुंवर भारतेन्द्र सिंह तथा विधायक श्रीमती कमलेश सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button