यूपी में मौसम की मार के बीच एक्शन में सीएम योगी, आंधी बारिश से हुए नुकसान पर 24 घंटे के अंदर मिलेगा मुआवजा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बरेली, पीलीभीत और सीतापुर समेत कई जिलों में बीती रात हुई भारी वर्षा, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं से जनहानि, पशुहानि तथा व्यापक आर्थिक नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस स्थिति का संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के मुख्य निर्देश:
हानि का तत्काल आकलन कर 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाए। सभी वरिष्ठ अधिकारी फील्ड पर उतरें और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता पहुंचाएं। प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी न हो। सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राहत कार्यों में तेजी लाई जाए और कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को फील्ड में सक्रिय रहने तथा नियमित रिपोर्टिंग करने के भी आदेश दिए गए हैं।



