कारोबार

गिरावट से उबरा बाजार, सेंसेक्स में 889 अंकों की बढ़त तो निफ्टी 50 में 1.1 प्रतिशत की उछाल

वैश्विक बाजार के मिले-जुले संकेतों के बीच हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार शानदार बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ। इस बीच, घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्कों में 1.1 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। बाजार में यह तेजी पिछले दिन की गिरावट के बाद आई है, जिसमें आईटी शेयरों का बड़ा योगदान रहा है।

सेंसेक्स 889 अंक यानी 1.16 प्रतिशत उछलकर 77,654.60 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 265 अंक यानी 1.10 प्रतिशत बढ़कर 24,250.20 पर बंद हुआ।

दिन के कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,765.92 से 657.85 अंक यानी 0.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,423.77 पर खुला और दिन में एक समय 999.57 अंक यानी 1.30 प्रतिशत उछलकर 77,765.49 पर पहुंच गया।

वहीं, निफ्टी 50 अपने पिछले बंद 23,985.35 से 191.3 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,176.65 पर खुला, और दिन में एक समय यह 298 अंक यानी 1.24 प्रतिशत उछलकर 24,283.55 के दिन के उच्चतम स्तर को टच कर गया।

इस दौरान व्यापक बाजारों में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.82 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, तो वहीं स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 1.48 प्रतिशत की तेजी आई।

सेक्टरवार देखें तो, रियल एस्टेट को छोड़कर सभी इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। आईटी, मीडिया, मेटल, फार्मा, टेलीकॉम, प्राइवेट बैंक, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में 1-2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जो सभी क्षेत्रों में व्यापक खरीदारी को दर्शाती है।

निफ्टी 50 इंडेक्स में, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, इंफोसिस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और लार्सन एंड टुब्रो (एल एंड टी) सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाले शेयरों की लिस्ट में शामिल रहे, जिनमें 2 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखने को मिली, जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा (एम एंड एम), पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, आयशर मोटर्स, बजाज-ऑटो, बीईएल, ओएनजीसी और एचडीएफसी लाइफ शीर्ष नुकसान उठाने वाले शेयरों के रूप में उभरे।

इस दौरान, निवेशकों को एक ही सत्र में 4 लाख करोड़ रुपए का फायदा हुआ, क्योंकि बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) पिछले सत्र के 479 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 483 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया।

इस बीच, मार्केट एक्सपर्ट सुनील शाह ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा कि शेयर बाजार में तेजी आ रही है और बाजार का मूड बेहतर होने के साथ बेंचमार्क इंडेक्स करीब 900 अंक चढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि यहां उतार-चढ़ाव के बीच हमने कुछ ‘वैल्यू बाइंग’ (अच्छी कीमत पर खरीदारी) होते हुए देखी है।

एक्सपर्ट ने आगे कहा कि जहां तक कच्चे तेल की बात है, तो यह 87 के लेवल पर है, यानी 90 से नीचे। यह 100 से तो बेहतर है, लेकिन 70 से नीचे होने जितना अच्छा नहीं है। तो देखते हैं कि इसे कूटनीतिक तरीके से कैसे सुलझाया जाता है। यह हमारे लिए भी अच्छा होगा।

एक्सपर्ट ने भविष्य में बाजार की उम्मीदों को लेकर एक्सपर्ट ने कहा कि यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि नतीजों का सीजन कैसा रहता है। दूसरी बात, यह पश्चिम एशिया के हालात और कच्चे तेल की कीमतों पर भी निर्भर करता है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button