खेल-खिलाड़ी

जामनगर में पीएम मोदी का ‘खेलो इंडिया संवाद’, युवाओं ने कहा- सरकार ने एथलीट्स को काफी प्रेरित किया है

भारत सरकार के खेल मंत्रालय और ‘माई भारत’ के तत्वावधान में देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कड़ी में जामनगर के डीकेवी आर्ट्स कॉलेज में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों और युवाओं के साथ वर्चुअल संवाद किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें भारत के 2030 राष्ट्रमंडल खेलों तथा 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की दूरदर्शिता से जोड़ना है। साथ ही, खेलों के माध्यम से युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से बालिकाओं और युवा खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। सरकारी विभागों और खेल संगठनों जैसे केडीएफ, केऐईओ और डीएसओ द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन एवं पुरस्कार दिए जाने से युवाओं, खासकर लड़कियों में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ रहा है।

‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें देश के विकास और विकसित भारत के विजन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

जामनगर दक्षिण से विधायक दिव्येश अकबरी ने कहा, “यह कार्यक्रम युवाओं को खेल के लिए प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री ने आज पूरे देश के खिलाड़ियों से संवाद किया है, खिलाड़ी 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक गेम्स 2036, जो संभवत: भारत में आयोजित हो सकता है, उसकी तैयारी कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में हमारे सांसद ने बेहद सराहनीय कार्य किया। मैं नेशनल स्पोर्ट्स डे (29 अगस्त) के लिए सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”

इस कार्यक्रम में जामनगर की कराटे एथलीट यशस्वी सिंह भी पहुंचीं, जिन्होंने बांग्लादेश में आयोजित साउथ एशियन कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया था। प्रतियोगिता में नेपाल की प्रतिद्वंद्वी को हराने के बाद फाइनल मुकाबले में श्रीलंका के खिलाड़ी के खिलाफ कड़ा मुकाबला हुआ। महज 1-2 अंकों के अंतर से पीछे रहने के कारण यशस्वी को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा और उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया।

इस कार्यक्रम को लेकर यशस्वी ने कहा, “मैंने हाल ही में बांग्लादेश में आयोजित साउथ एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीता है। भारत सरकार ने एथलीट्स को काफी प्रेरित किया है, जिसकी मैं शुक्रगुजार हूं।”

दूसरी ओर, प्रधानमंत्री मोदी के इस कार्यक्रम के दौरान गांधीनगर पालज आईआईटी में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया उपस्थित रहे। इस मौके पर उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अनेक एथलीट सहित गेम्स में युवा भाग लें, उसके लिए एक अभियान चलाया जा रहा है। गुजरात ही नहीं पूरे देश में खेल संरचना डेवलप हो, इसके तहत सरकार काम कर रही है।

‘माय भारत’ वॉलिंटियर हर्ष मेहता ने कहा, “पीएम मोदी ने देश के युवाओं को प्रेरित किया है। हम 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने जा रहे हैं, संभवत: 2036 ओलंपिक गेम्स की मेजबानी भी हमें मिल सकती है। इसे लेकर पीएम मोदी ने हमसे बात की। बेहद गर्व की बात है कि केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया खुद यहां उपस्थित थे। उन्होंने विकसित भारत के बारे में युवाओं को प्रेरित किया है।”

पैरा ब्लाइंड खिलाड़ी ठाकुर खोडाजी ने कहा, “मैंने चीन में आयोजित एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। आज के कार्यक्रम में पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को प्रेरित किया है। उन्होंने युवाओं को व्यसन से दूर रहने के लिए कहा है। जिन गेम्स में भारत मेडल नहीं जीतता, उसमें हमें आगे बढ़ना होगा।”

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button