UP News : बरेली हिंसा केस में मौलाना तौकीर रजा को हाईकोर्ट से झटका, जमानत अर्जी खारिज

यूपी के बरेली में पिछले साल 26 सितंबर को हुए बवाल के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा और उनके साथी नफीस अहमद को बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने दोनों मुख्य आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। दोनों की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई पूरी हो चुकी थी। सोमवार को कोर्ट का फैसला आया, जिसमें दोनों की जमानत अर्जियां खारिज कर दी गई हैं। हालांकि हाईकोर्ट से कई अन्य आरोपियों को बड़ी राहत मिली है। अदालत ने कुछ आरोपियों को सशर्त जमानत दे दी है।
बरेली में 26 सितंबर 2025 को मौलाना तौकीर रजा खान ने एक प्रदर्शन का आह्वान किया था। मौलाना तौकीर के नेतृत्व वाली इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) की कॉल पर बड़ी संख्या में लोग इस्लामिया मैदान के लिए निकले थे। हालांकि बरेली पुलिस-प्रशासन ने आंदोलन की अनुमति नहीं दी थी।
यह प्रदर्शन कानपुर में “आई लव मुहम्मद” के पोस्टर लेकर निकलने वालों पर हुई कार्रवाई के विरोध में बुलाया गया था। इस बीच बरेली में प्रदर्शन हिंसक हो गया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला कर दिया।
इस प्रकरण में पुलिस ने अलग-अलग थानों में करीब 10 एफआईआर दर्ज की थीं। सभी मामलों में मौलाना तौकीर रजा खान को मुख्य आरोपी बनाया गया। आईएमसी के महासचिव रहे नफीस अहमद भी मुख्य आरोपी हैं। हिंसा मामले में पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए मौलाना तौकीर रजा, नफीस अहमद, नदीम खान, मुनीर इदरीसी समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था।



