उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

सपा शिक्षा की घोषित दुश्मन… लखनऊ में शिक्षकों और स्नातकों से बोले सीएम योगी- परिवारवाद और वंशवाद को नकारें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा शिक्षा की घोषित दुश्मन है। शिक्षकों का अपमान और शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा उसकी राजनीति का आधार रहा है। उन्होंने कहा कि सपा ने वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया दिया, जबकि भाजपा सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज की दिशा में काम किया।

मुख्यमंत्री शनिवार को लखनऊ में विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्नातक प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह और शिक्षक प्रत्याशी उमेश द्विवेदी के समर्थन में मतदान की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक और स्नातक मतदाता ऐसा प्रतिनिधि चुनें, जिसमें उनकी समस्याएं उठाने का जज्बा और सामर्थ्य हो। परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति को नकारने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव योग्य और सक्षम प्रतिनिधि चुनने का अवसर है। उन्होंने कहा कि चुनाव बैलेट पेपर से हो रहा है और न्याय के पक्ष में परिणाम देने का काम जनता-जनार्दन को करना है। संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने की प्रवृत्ति का जवाब भी इस चुनाव के माध्यम से दिया जाना चाहिए।

शिक्षकों को पांच लाख तक कैशलेस इलाज

योगी ने शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न श्रेणियों के शिक्षकों और उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा दी गई है। दुर्घटना या अनहोनी की स्थिति में शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए 40 लाख से 1.5 करोड़ रुपये तक बीमा सुरक्षा की व्यवस्था का भी उल्लेख किया।

रसोइयों के लिए दो लाख रुपये के सुरक्षा बीमा कवर की जानकारी दी। अधिवक्ताओं के लिए भी पांच लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ता की मृत्यु होने पर परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता देने का प्रावधान है। इसके लिए आयु सीमा 60 से बढ़ाकर 70 वर्ष किए जाने की बात भी कही।

ड्रॉपआउट दर 20 से घटकर तीन प्रतिशत होने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार के बाद बेसिक शिक्षा में ड्रॉपआउट दर 20 प्रतिशत से घटकर तीन प्रतिशत रह गई है, जबकि सैचुरेशन का स्तर 36 प्रतिशत से बढ़कर 96 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने अटल आवासीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के जरिए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की बात कही।

सपा सरकार में शिक्षकों का सम्मान घटा: योगी

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय शिक्षण संस्थानों में पेशेवर गुंडों का दबदबा था। शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता दी है। उन्होंने मतदाताओं से सतर्क रहकर मतदान करने और कार्यकर्ताओं से हर मतदाता तक पहुंचने की अपील की।

अवनीश सिंह और उमेश द्विवेदी ने भी मांगा समर्थन

स्नातक प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने प्रोजेक्ट अलंकार के जरिए माध्यमिक विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का भी उल्लेख किया। शिक्षक प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने कहा कि सरकार ने तदर्थ शिक्षकों के विनियमन और वेतन से जुड़े मामलों में कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में शिक्षकों के सम्मान को बहाल करने का काम हुआ है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button