प्रतापगढ़ में अनुप्रिया पटेल का बड़ा बयान, कहा- 5 फीसदी लुटेरा समाज बनाम 95 फीसदी मेहनतकश, सामाजिक न्याय पर समझौता नहीं

प्रतापगढ़ : अपना दल के संस्थापक डॉ.सोने लाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने प्रतापगढ़ के जीआईसी मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए देश की सामाजिक-राजनीतिक व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए।
उन्होंने दो टूक कहा कि आज भी देश दो हिस्सों में बंटा हुआ है। एक तरफ 5 फीसदी लुटेरा समाज है, तो दूसरी तरफ 95 फीसदी मेहनतकश समाज है, जो खेत, खलिहान और फैक्ट्रियों में पसीना बहाने के बावजूद अपनी आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी से वंचित है।
अनुप्रिया पटेल ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी एनडीए की सबसे पुरानी और भरोसेमंद सहयोगी है, लेकिन गठबंधन में रहते हुए भी सामाजिक न्याय और जातिगत जनगणना जैसे वैचारिक मुद्दों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि अभी से बूथ स्तर पर तैयारी शुरू कर दी जाए। 95 फीसदी मेहनतकश समाज को जोड़कर ही उत्तर प्रदेश और देश की सत्ता की दिशा तय की जाएगी।
बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये दल विपक्ष में रहते समय पिछड़ों की बात करते हैं, लेकिन सत्ता में आने पर कोई नीति नहीं बनाते। दिल्ली के आंदोलनों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भीड़ तंत्र और अराजकता को आंदोलन का नाम नहीं दिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचार हैं। उनकी मूर्ति लगाना ही काफी नहीं, बल्कि उनके बताए रास्तों और विचारों को जमीन पर लागू कराना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मंत्री आशीष पटेल,विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल, विधायक मड़ियाहूं आरके पटेल, प्रदेश अध्यक्ष आरपी गौतम ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर के.के. पटेल,प्रज्ञा कुमार सिंह, आरबी सिंह,पपुष्कर चौधरी,आरपी गौतम,जिलाध्यक्ष राज कुमार पटेल,चेयरमैन प्रतिनिधि बादल पटेल, जिला पंचायत सदस्य प्रमोद पटेल, विधायक प्रतिनिधि रॉबिन पटेल, परमानन्द मिश्र,दुर्गा प्रसाद पटेल,राम लखन पटेल आदि मौजूद रहे।
एनडीए में सीटों को लेकर कोई विवाद नहीं : आशीष पटेल
प्रतापगढ़ अमृत विचार : प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पटेल ने स्पष्ट किया है कि एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर सब कुछ बेहतर चल रहा है और इसे लेकर कोई लड़ाई नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी संख्या से ज्यादा जीतने की संभावना वाली सीटों पर फोकस करती है और पिछले सभी चुनावों में उनका स्ट्राइक रेट 80 फीसदी से अधिक रहा है।
पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के राजनीति में आने की चर्चा पर उन्होंने शुभकामनाएं दीं। अयोध्या सीट के बारे में उन्होंने कहा कि वह भाजपा की सीट है, इसलिए वहां उनका दल प्रत्याशी नहीं उतारेगा। इसके अलावा, संवैधानिक संस्थाओं पर हमलों की निंदा करते हुए उन्होंने लालू यादव को पार्टी में शामिल किए जाने से जुड़ी खबरों पर किसी भी प्रकार की जानकारी होने से इनकार किया है।
केंद्रीय मंत्री से मिले युवा व्यापार मंडल पदाधिकारी
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल से उत्तर प्रदेश उद्योग युवा व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह शंटी के नेतृत्व में मुलाकात की। व्यापारियों ने केंद्रीय मंत्री से जिले के व्यापार और व्यवसाय के विषय में चर्चा की और उन्हें आश्वासन दिलाया कि आगामी विधानसभा चुनाव में व्यापार मंडल उनके साथ है। इस दौरान जिला महामंत्री प्रवीण कुमार चौरसिया, कोषाध्यक्ष संदीप कसौधन, मीडिया प्रभारी दीपेश जैन, जिला मंत्री अक्षत श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष गंगा सोनी, प्रकाश केसरवानी, शिवेंद्र गौड़ आदि मौजूद रहे।



