
कर्नाटक कैबिनेट ने 29 अक्टूबर को नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। राज्य में दूध की नई कीमतें 1 नवंबर से लागू होंगी, यानी 1 नवंबर से दूध महंगा हो जाएगा। कैबिनेट की मीटिंग खत्म होने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कर्नाटक के मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने बताया कि 8 रुपये की इस बढ़ोतरी में से 7 रुपये डेयरी किसानों को दिए जाएंगे और 1 रुपया दूध यूनियनों को मिलेगा।
कैबिनेट ने 6 अक्टूबर को ही दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को दे दी थी मंजूरी
बताते चलें कि कर्नाटक कैबिनेट ने 6 अक्टूबर को ही दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी थी। लेकिन विधान परिषद चुनावों के कारण लागू आदर्श आचार संहिता की वजह से इसकी घोषणा में देरी से की गई है। दूध की कीमतों में इस ताजा बढ़ोतरी के बाद नंदिनी के टोन्ड दूध की कीमत 46 रुपये से बढ़कर 54 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी।
पशुओं के आहार, चारे, दवाओं, परिवहन की बढ़ती लागत से बढ़ रहा था दबाव
राज्य के दूध यूनियनों ने कीमतों में बदलाव की मांग की थी। उन्होंने इसके पीछे पशुओं के आहार, चारे, दवाओं, परिवहन और दूध की प्लास्टिक पैकेजिंग की बढ़ती लागत के साथ ही, सूखे के कारण चारे की कमी का हवाला दिया था। बायरे गौड़ा ने कहा, “दूध की मूल दरों में 8 रुपये की बढ़ोतरी होगी। हमने सर्वसम्मति से फैसला किया है कि 7 रुपये किसानों को दिए जाएंगे और 1 रुपये यूनियन को मिलेंगे।”
कर्नाटक के 10 लाख परिवार डेयरी फार्मिंग पर निर्भर
मंत्री ने बताया कि राज्य के लगभग 10 लाख किसान परिवार अपनी रोजी-रोटी चलाने के लिए डेयरी फार्मिंग पर निर्भर हैं। इनमें से कई परिवार घर के खर्च और चिकित्सा संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए डेयरी से होने वाली कमाई पर निर्भर रहते हैं।
नंदिनी दूध की कीमतों में कब-कब हुई बढ़ोतरी
बताते चलें कि हाल के सालों में नंदिनी दूध की कीमतों में ये 5वीं बार बढ़ोतरी की गई है। मार्च 2025 में दूध की कीमतों में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले, जून 2024 में कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (KMF) ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इससे पहले, नवंबर 2023 में दूध की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी और इससे पहले नवंबर 2022 में भी 3 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी।



