उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

बार काउंसिल चुनाव में प्रशान्त सिंह अटल की जीत, 7,088 मतों का विजय कोटा हासिल किया

बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशान्त सिंह अटल ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। करीब 162 दिनों से जारी मतगणना के दौरान उन्होंने निर्धारित 7,088 मतों का विजय कोटा हासिल कर अपना निर्वाचन सुनिश्चित कर लिया है। यह मतगणना उच्च न्यायालय के दो पूर्व न्यायमूर्तियों की देखरेख में संपन्न हो रही है।

प्रशान्त सिंह अटल के अनुसार, स्वतंत्रता के बाद से अब तक लखनऊ के किसी प्रत्याशी को बार अथवा बार काउंसिल के चुनाव में इतने अधिक मत प्राप्त नहीं हुए हैं। उन्होंने अपनी जीत को प्रदेश के अधिवक्ता समाज के व्यापक विश्वास, समर्थन और आशीर्वाद का परिणाम बताया है। प्रशान्त सिंह अटल ने बताया कि उन्हें उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों से मत प्राप्त हुए हैं। पूर्वांचल, पश्चिमांचल, अवध, रुहेलखंड और बुंदेलखंड सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों के अधिवक्ताओं ने उनके पक्ष में मतदान किया।

उनके मुताबिक, अब तक विलोपित किए जा चुके करीब 281 प्रत्याशियों के मतों की गणना के दौरान भी उन्हें मत प्राप्त हुए हैं। निर्धारित विजय कोटा हासिल करने के साथ ही उनका निर्वाचन सुनिश्चित हो गया है, जबकि निर्वाचन प्रक्रिया में अभी करीब 51 प्रत्याशी शेष हैं और लगभग एक लाख मतों की गणना बाकी है।

अन्य प्रत्याशियों के लिए जारी रहेगी मतगणना

प्रशान्त सिंह अटल ने स्पष्ट किया कि उनका निर्वाचन सुनिश्चित होने के बावजूद अन्य प्रत्याशियों के निर्वाचन के लिए मतगणना जारी रहेगी। निर्वाचन प्रणाली के तहत उनके पक्ष में उपलब्ध अधिशेष मतों और आगे होने वाले मतांतरण का नियमानुसार समायोजन अन्य पात्र प्रत्याशियों के पक्ष में किया जाएगा। अपनी जीत पर आभार व्यक्त करते हुए प्रशान्त सिंह अटल ने गुरुवार को कहा कि यह विजय केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के समस्त अधिवक्ता समाज के विश्वास, एकता, सम्मान और सामूहिक शक्ति की जीत है।

प्रशान्त सिंह अटल बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य स्थायी अधिवक्ता तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक हैं।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button