उत्तराखंडदेश

Uttarakhand Politics: ‘वोट बचाओ नहीं, घुसपैठिया बचाओ यात्रा निकाल रहे राहुल गांधी’, उत्तराखंड में अमित शाह का विपक्ष पर हमला

देहरादून। उत्तराखंड के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित राज्योत्सव में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विकास के मुद्दों के साथ विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ‘वोट बचाओ’ नहीं, बल्कि ‘घुसपैठिया बचाओ’ यात्रा निकाल रहे हैं। शाह ने सवाल उठाया कि क्या मतदाता सूची को घुसपैठियों से मुक्त नहीं किया जाना चाहिए? उन्होंने कहा कि देश और देवभूमि से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकाला जाएगा।

शुक्रवार को देहरादून में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है और घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई का विरोध करती है। शाह ने कहा कि राहुल गांधी का झूठा नैरेटिव देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

उत्तराखंड में भाजपा ने रखा 65 पार का लक्ष्य

आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अमित शाह ने उत्तराखंड में भाजपा की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बना चुकी है और अब अगली बारी देवभूमि उत्तराखंड की है। पार्टी इस बार 65 पार का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखंड को सुरक्षित और समृद्ध राज्य बनाना चाहती है। देवभूमि को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाना पार्टी के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। इन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए जनता का जनादेश जरूरी है। शाह ने विश्वास जताया कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

अवैध मजारों और मदरसों के नाम पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया

गृह मंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान विपक्षी दल मुस्लिम यूनिवर्सिटी का मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार देवभूमि में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रतिबद्ध है। शाह ने कहा कि अवैध मजारों और मदरसों के नाम पर सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर जमीन को मुक्त कराया जाएगा।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने वर्षों तक उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मनीऑर्डर इकोनॉमी और पलायन के भरोसे छोड़ दिया था। शाह के मुताबिक, भाजपा सरकार ने पलायन रोकने, स्थानीय स्तर पर रोजगार और धन का सृजन करने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया है।

ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक का भी किया जिक्र

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर अमित शाह ने कहा कि आज भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं और किसी की हिम्मत नहीं है कि वह देश की सीमा की ओर आंख उठाकर देख सके। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि दुश्मनों को उनके घर में घुसकर जवाब दिया गया है।

शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि रावत ने अपने कार्यकाल में ऐसा कौन-सा काम किया, जिसे प्रदेश की जनता याद रखे। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उत्तराखंड राज्य के गठन को रोकने का प्रयास किया था।

अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया, राज्य आंदोलनकारियों को दी श्रद्धांजलि

उत्तराखंड के गठन का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों ने अलग राज्य के लिए वर्षों तक संघर्ष किया। उनके मुताबिक, उत्तराखंड गठन की मांग को रोकने के लिए उस समय कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने अत्याचार किए, जिसमें कई युवाओं की जान चली गई।

शाह ने कहा कि 9 नवंबर 2000 को अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का गठन कर लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया। उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलन में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की और रामपुर तिराहा सहित आंदोलन से जुड़े अन्य स्थानों का उल्लेख किया।

2047 तक विकसित उत्तराखंड बनाने का संकल्प

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकसित उत्तराखंड की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भाजपा ने उत्तराखंड स्थापना दिवस को गर्व, उपलब्धि और संकल्प के प्रतीक के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने संकल्प जताया कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ उत्तराखंड देश का पहला विकसित राज्य बनेगा। UCC का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि देश के 15 राज्य उत्तराखंड के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए समान नागरिक संहिता बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे भाजपा शासित सभी राज्यों में UCC लागू किया जाएगा।

इनपुट – एजेंसी

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button