पंजाबराज्य

पंजाब में ‘जनगणना 2027 – चरण-2’ का आगाज: प्रचार एवं जागरूकता अभियान के लिए 9 डिजिटल एलईडी वैनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

चंडीगढ़, 11 नवंबर, 2026:

जनगणना 2027 के दूसरे चरण के प्रचार एवं जागरूकता अभियान के तहत आज 11 नवंबर, 2026 को सुबह 11 बजे जनगणना संचालन निदेशालय, पंजाब, चंडीगढ़ के कार्यालय से 9 डिजिटल एलईडी वैनों को निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वैनों पर जनगणना से संबंधित विभिन्न जागरूकता संदेश प्रदर्शित किए गए हैं। साथ ही, इनमें क्यूआर कोड भी उपलब्ध करवाए गए हैं, जो नागरिकों को सीधे आधिकारिक ‘नेशनल सेंसस पोर्टल’ से जोड़ेंगे। इसके माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

इस अवसर पर निदेशालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

ये डिजिटल वैन संबंधित जिलों के प्रमुख कस्बों, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, बाजारों तथा अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों को कवर करेंगी, जहां आम लोगों की आवाजाही अधिक रहती है।

इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य जनगणना 2027, स्व-गणना तथा जनसंख्या गणना के महत्व के बारे में आम जनता को व्यापक स्तर पर जागरूक करना और इस राष्ट्रीय अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए ऑडियो-वीडियो माध्यमों के जरिए जनगणना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों का प्रसार किया जाएगा।

डिजिटल वैनों की सुचारु आवाजाही, स्थानीय स्तर पर बेहतर तालमेल और प्रचार गतिविधियों के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक वैन के साथ संबंधित जिले से एक नामित एस्कॉर्ट अधिकारी तैनात रहेगा। उपायुक्त-कम-प्रधान जनगणना अधिकारियों ने डिजिटल वैनों के विस्तृत रूट प्लान को अंतिम रूप दे दिया है। इसके अतिरिक्त, प्रचार संबंधी होर्डिंग लगाने के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान कर ली गई है तथा नोडल अधिकारी (प्रचार) के अद्यतन विवरण भी निदेशालय को उपलब्ध करवा दिए गए हैं।

पंजाब में जनगणना का कार्यक्रम एवं समय-सीमा

जनगणना 2027 का आयोजन दो चरणों में किया जा रहा है। इसका पहला चरण, जिसमें मकानों की सूची तैयार करने और आवास संबंधी गणना का कार्य शामिल था, सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।

पंजाब में जनगणना का दूसरा चरण 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके लिए संदर्भ तिथि 5 जनवरी, 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
नागरिक जनगणना से संबंधित 40 सवालों के जवाब स्वयं ऑनलाइन भरने के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर लॉग-इन कर सकते हैं।
 स्व-गणना के लिए यह पोर्टल 30 नवंबर, 2026 को बंद हो जाएगा।

पंजाब में जनगणना से संबंधित आगामी गतिविधियों का कार्यक्रम इस प्रकार है:
डिजिटल एलईडी वैनों को हरी झंडी: 11 नवंबर, 2026
स्व-गणना: 16 से 30 नवंबर, 2026
जनसंख्या गणना: 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027
संदर्भ तिथि: 5 जनवरी, 2027
पुनरीक्षण चरण (रिवीजन राउंड): छूट गए व्यक्तियों को शामिल करने के लिए जनसंख्या गणना के 3 से 5 दिन बाद पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा।

स्व-गणना की सुविधा का लाभ राज्य का प्रत्येक नागरिक उठा सकता है। इसके तहत गणनाकर्ता (एन्यूमरेटर) के घर पहुंचने से पहले ही नागरिक अपना जनगणना फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं।

जनगणना संचालन निदेशक ने राज्य के लोगों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में लगे गणनाकर्ताओं को पूरा सहयोग दें और जनगणना 2027 में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों के सहयोग से ही जनगणना की प्रक्रिया को सटीक, संपूर्ण और सफल बनाया जा सकता है।

इस पूरी प्रक्रिया के दौरान आम जनता की सहायता के लिए विशेष टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 भी शुरू किया गया है। नागरिक जनगणना प्रश्नावली भरते समय किसी भी प्रकार की जानकारी, मार्गदर्शन या शंका के समाधान के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने आगे बताया कि राज्यवासी जनगणना संचालन निदेशालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी जुड़ सकते हैं। जनगणना से संबंधित वर्तमान गतिविधियों, महत्वपूर्ण पहलों और आगामी परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए नागरिक इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और यूट्यूब पर @censusdcopunjab को फॉलो कर सकते हैं।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button