गोरखपुर को 792 करोड़ की सौगात देंगे CM योगी, प्रदेश के पहले वानिकी-औद्यानिकी विश्वविद्यालय की रखेंगे नींव

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर को 792 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह कैम्पियरगंज के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। करीब 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनने वाले इस विश्वविद्यालय के निर्माण पर 491 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान कुल 55 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 621.05 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
16 परियोजनाओं का होगा शिलान्यास
शिलान्यास होने वाली 16 परियोजनाओं में वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय प्रमुख है। इसके अलावा ग्रामीण सड़कों के निर्माण, बाढ़ बचाव कार्यों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय से संबंधित 15 अन्य योजनाएं भी शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की योजना है।
39 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री 171.13 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। इनमें राप्ती और रोहिन नदियों के तटबंधों पर कटाव रोकने के कार्य, ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी और पेयजल योजनाएं प्रमुख हैं।
पीपीगंज को मिलेगी पेयजल योजना की सौगात
अमृत 2.0 योजना के तहत पीपीगंज नगर पंचायत पुनर्गठन पेयजल योजना के दोनों चरणों का भी लोकार्पण किया जाएगा। इन दोनों चरणों पर कुल 60.42 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इससे क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।



