उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

दो लड़के चुनाव परिणाम से पहले ही हो चुके विफल: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले ये दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही ये विफल हो चुके हैं। गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बैठकें हो रही हैं ताे वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा?

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की ऐसी स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है। जनता बार-बार इन दलों को खारिज कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक निजी न्यूज चैनल के शिखर सम्मेलन में संवाद कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बदली तस्वीर, कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार, विपक्ष की राजनीति, गठबंधन, आगामी चुनाव और अपनी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े सवालों पर बेबाकी से जवाब दिए।

सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर तंज, एनडीए में कोई विवाद नहीं

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन के अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं। लेकिन दोनों दलों के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, वह उनके आपसी तालमेल पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कटाक्ष किया कि इनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि एक तरफ अपमानित हो रहे हैं और दूसरी तरफ उसी को सामान्य बताने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच कथित मतभेदों पर उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल एनडीए का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है।

राम भक्तों से समाजवादी पार्टी को माफी मांगनी चाहिए

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और समाजवादी पार्टी की सनातन के प्रति बदली राजनीतिक भाषा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। यदि 90 के दशक में ही यह सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती। मुख्यमंत्री ने कहा कि माफी मांगने से कोई व्यक्ति छोटा नहीं होता। उन्होंने अपने राजनीतिक आधार को स्पष्ट करते हुए कहा कि भाजपा का वोट बैंक हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो भारत के संविधान और देश की विरासत में विश्वास करता है।

भाजपा की राजनीति किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है। पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान के सिद्धांत पर काम करती है।

कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस, महिला और व्यापारी की सुरक्षा सर्वोपरि

बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में सफल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। महिला सुरक्षा और व्यापारियों के सम्मान को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि गलत निगाह रखने वालों के सामने दो ही रास्ते हैं- जेल या जहन्नुम। कानून का पालन करने वालों का कानून सम्मान करेगा, लेकिन कानून के खिलाफ जाने वालों पर कार्रवाई होगी।

सनातन और भारतीय पहचान पर गर्व

अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और अपनी धार्मिक पहचान को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सनातन धर्म पर और हिंदू होने पर गर्व है। किसी की धारणा या सोच के कारण वे अपनी पहचान नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश भी आत्मनिर्भर और विकसित बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में एआई सिटी, डेटा सेंटर क्लस्टर, सेमीकंडक्टर यूनिट, ड्रोन टेक्नोलॉजी और रोबोटिक्स के क्षेत्र में काम हो रहा है। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर भी नई संभावनाएं खोल रहा है। मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे एक अमेरिकी कंपनी करीब 3000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। उन्होंने कहा कि निवेशक प्रदेश में इसलिए आ रहे हैं क्योंकि यहां सुरक्षा, बेहतर नीतियां, लैंड बैंक और मजबूत लॉजिस्टिक नेटवर्क उपलब्ध हैं।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button