यूपी चुनाव: ओमप्रकाश राजभर का बड़ा ऐलान-जहूराबाद से नहीं, इस बार अकबरपुर सीट से लड़ेंगे चुनाव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में भाजपा के सहयोगी सुभासपा अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा दांव चला है। राजभर ने ऐलान किया है कि वे इस बार जहूराबाद से नहीं बल्कि अकबरपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अब वे इस सीटे से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। एबीपी न्यूज़ के शिखर सम्मेलन में ओम प्रकाश राजभर ने चुनाव से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी राय रखी। बता दें कि राजभर का एक बेटा भी यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है।
इस बार सपा से सभी सीटें वापस लेंगे
राजभर ने कहा, हम तो अब अकबरपुर की तैयारी कर रहे हैं। इस नाते हमारे निशाने पर पिछली बार की सीटें हैं। उन्होंने कहा कि हमने अंबेडकरनगर की पांचों सीट आजमगढ़ की 10 सीट, गाजीपुर की 7 सीट, बलिया, मऊ और बस्ती तमाम सीटों पर सपा को जितवा दिया था। अब इस बार ये सभी सीटें उनसे वापस लेनी है, इसीलिए हम बॉर्डर पर रहना चाहते हैं। अपनी सीट जहूराबाद छोड़ने के सवाल पर राजभर ने कहा कि हम ये सीट निश्चित छोड़ेंगे, इस सीट से कोई और लड़ेगा। जब पूछा गया कि उनके दोनों बेटे भी चुनाव लड़ेंगे तो इस पर उन्होंने कहा कि एक बेटा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है।
2027 में भी योगी ही बनेंगे सीएम
सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने कहा कि पूर्वांचल में विधानसभा की 82 सीटें हैं और इन क्षेत्रों में उनकी अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी 12 से 22 प्रतिशत तक है। उन्होंने दावा किया कि अब वह इसे बढ़ाकर 15 से 25 प्रतिशत तक करने की स्थिति में आ गए हैं। राजभर ने ताल ठोक कर कहा कि 2027 के चुनाव में वह ऐसा करके दिखाएंगे और चुनाव में जीत मिलने के बाद अबकी बार भी योगी आदित्यनाथ ही तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे।



