
मैड्रिड। स्पेन के टोलेडो क्षेत्र के उर्दा में बुधवार सुबह दो ट्रेनों की भीषण टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। शुरुआती रिपोर्टो के मुताबिक, दुर्घटना में कम से कम 46 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है। घटनास्थल पर दमकलकर्मी, चिकित्सा दल और आपातकालीन सेवाएं राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। हादसे के बाद मैड्रिड और कैस्टिला-ला मांचा क्षेत्र के अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर से कम से कम 46 लोगों की मौत हो गयी।

रेलवे के मुताबिक, यह टक्कर मोरा, ओरगाज़ और उर्दा शहरों के बीच हुई। दोनों ट्रेनें राजधानी मैड्रिड को स्पेन के दक्षिणी अंडालूसिया प्रांत के सेविले से जोड़ने वाले रूट पर चल रही थीं। इसकी वजह से मैड्रिड इलाके को अंडालूसिया से जोड़ने वाली हाई-स्पीड लाइन पर यातायात रोक दिया गया है।
स्टेशन में प्रवेश के दौरान पीछे से टक्कर
यह दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 8:55 बजे रेलवे के किलोमीटर संख्या 118 के पास हुई। रिपोर्ट के अनुसार, मैड्रिड से सेविले जा रही दो ट्रेनों रेनेफे (Renfe) और इर्यो (Iryo) के बीच टक्कर हुई। रेनेफे के मुताबिक, एवीई ट्रेन संख्या 2080 ने उर्दा स्टेशन में प्रवेश करते समय इर्यो ट्रेन संख्या 6076 को पीछे से टक्कर मारी। स्पेन के परिवहन मंत्रालय की शुरुआती जानकारी के अनुसार, टक्कर के कारण इर्यो ट्रेन के पिछले दो डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
एक ट्रेन में 146 यात्री और शिशु, दूसरी में 397 लोग सवार
कैस्टिला-ला मांचा सरकार की प्रवक्ता एस्तेर पडिया ने टीवी कार्यक्रम ‘ला ओरा दे ला 1’ में हादसे को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। रेलवे अवसंरचना प्रबंधक संस्था एडिफ (Adif) से मिली जानकारी के अनुसार, इर्यो ट्रेन में 146 यात्री और एक शिशु सवार थे, जबकि रेनेफे ट्रेन में कुल 397 यात्री यात्रा कर रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने भी दुर्घटना को बड़े पैमाने पर असर डालने वाला हादसा बताया। सबसे अधिक क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे यात्रियों को निकालने और घायलों तक मदद पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री
हादसे के बाद यात्रियों ने भयावह मंजर बयां किया। एवीई ट्रेन के आखिरी डिब्बे में सवार मिगेल एंजेल पेरेस ने स्पेन के सरकारी प्रसारक टीवीई को बताया कि टक्कर के दौरान जोरदार झटका लगा और ट्रेन बुरी तरह हिल गई। यात्रियों ने खुद को संभालने के लिए सीटों को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि स्थिति की गंभीरता महसूस होने के बाद यात्री खिड़कियां तोड़कर डिब्बे से बाहर निकले। एक अन्य यात्री फर्नांडो सेको के मुताबिक, हादसा अचानक ब्रेक लगने और जोरदार टक्कर के बाद हुआ। आसपास खेतों में काम कर रहे कुछ लोगों ने बाड़ में रास्ता बनाकर यात्रियों को बाहर निकलने में मदद की।
अस्पताल अलर्ट, सैन्य आपातकालीन इकाई भी भेजी जा रही
हादसे के बाद मैड्रिड और कैस्टिला-ला मांचा के आसपास के अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया। अस्पतालों से गहन चिकित्सा इकाइयों (ICU) और ऑपरेशन थिएटरों में बेड तैयार रखने को कहा गया है। घायलों के उपचार के लिए घटनास्थल पर अस्थायी चिकित्सा केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। सरकारी सूत्रों के अनुसार, क्षेत्रीय सरकार के अनुरोध पर सैन्य आपातकालीन इकाई (UME) को भी घटनास्थल पर भेजने की कार्रवाई शुरू हुई। सिविल गार्ड, दमकल विभाग, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और स्वास्थ्य सेवा की टीमें बचाव अभियान में शामिल हैं।
मैड्रिड-सेविले रेल सेवा प्रभावित, हेल्पलाइन जारी
दुर्घटना के बाद मैड्रिड-सेविले रेल मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया। प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए रेलवे ने 900101020 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। मैड्रिड-पुएर्ता दे आटोचा, सेविले-सांता जुस्टा और कोरदोबा स्टेशनों पर सहायता केंद्र बनाए गए हैं।
प्रधानमंत्री समेत नेताओं ने रद्द किए कार्यक्रम
हादसे के बाद स्पेन के प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए और चुनाव प्रचार रोक दिया। प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दुर्घटना पर दुख जताया और कहा कि वह परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते तथा कैस्टिला-ला मांचा के अध्यक्ष एमिलियानो गार्सिया पेज के संपर्क में हैं।
सांचेज ने ‘एक्स’ पर कहा, “सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं, एकजुटता और समर्थन है।” उर्दा के मेयर मैनुअल गैलान ने रेडियो स्टेशन ‘कैडेना सेर’ को बताया कि नागरिक सुरक्षा एजेंसी के अनुरोध पर प्रशासन घायल यात्रियों के इलाज और देखभाल के लिए केंद्र तैयार कर रहा है। रियल मैड्रिड, बार्सिलोना और एटलेटिको मैड्रिड सहित प्रमुख फुटबॉल क्लबों ने भी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इससे पहले गत जनवरी में कॉर्डोबा प्रांत के अदमूज के पास इसी लाइन पर इन्हीं कंपनियों की हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच हुई टक्कर से 46 लोगों की मौत हो गयी थी।
मुख्य विपक्षी दल पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष अल्बेर्तो नूनेज फेइखो ने भी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति समर्थन जताया। स्पेन के शाही परिवार ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों और प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना से जुड़ी जानकारी धीरे-धीरे सामने आ रही है और मृतकों की संख्या में बदलाव हो सकता है।



