बड़ी खबरविदेश

अमेरिका-ईरान के बीच स्विट्जरलैंड में कल होगी बैठक, पाकिस्तान के गृह मंत्री पहुंचे तेहरान

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच इसी सप्ताह सीजफायर का ऐलान किया गया था। इसे लेकर अब अगली बैठक स्विट्जरलैंड में होने वाली है। बैठक के लिए अमेरिका की तरफ से जेरेड कुशनर और स्टीव विटकोफ पहले से ही स्विट्जरलैंड में मौजूद हैं। यह जानकारी अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने दी। वहीं दूसरी तरफ ईरान की तरफ से भी वार्ताकारों की टीम स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो गई है। इस पूरी घटना के बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ईरान पहुंचे हैं। बता दें कि थोड़ी देर पहले ही ईरान ने इजरायल पर सीजफायर के नियमों का पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से बंद करने का ऐलान किया है।

ईरान के अधिकारी स्विट्जरलैंड रवाना

ईरान के सरकारी टेलीविजन का कहना है कि एक टीम युद्ध पर अपने अंतरिम समझौते को लेकर अमेरिका के साथ बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड जा रही है। ब्रॉडकास्टर ने शनिवार को अपनी रिपोर्ट में विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता का हवाला दिया। यह यात्रा मूल रूप से शुक्रवार के लिए तय की गई थी, लेकिन इसे रद्द कर दिया गया था। यह नई घोषणा ईरान की संयुक्त सैन्य कमान द्वारा यह कहे जाने के कुछ ही समय बाद आई कि लेबनान में इजरायली हमलों के जारी रहने के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर से बंद हो गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाहेई ने सरकारी टीवी को बताया कि “किसी भी ज्ञापन या समझौते की असल परीक्षा तब होती है जब वह कार्यान्वयन के चरण में प्रवेश करता है।”

अमेरिकी अधिकारी पहले से मौजूद

वहीं ईरान और अमेरिका के बीज सीजफायर को लेकर पाकिस्तान का कहना है कि ईरान और अमेरिका के बीच उनके अंतरिम समझौते पर तकनीकी स्तर की बातचीत रविवार को स्विट्जरलैंड के बर्गनस्टॉक में शुरू होगी, जिसमें कतर के मध्यस्थ भी शामिल होंगे। बता दें कि वाशिंगटन में, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शनिवार को पुष्टि की कि अमेरिका के शीर्ष वार्ताकार- जेरेड कुशनर और स्टीव विटकोफ पहले से ही स्विट्जरलैंड में हैं और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत के तकनीकी विवरणों पर काम कर रहे हैं। वेंस ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें उम्मीद है कि वे “अगले कुछ दिनों में कभी भी” स्विट्जरलैंड के लिए रवाना होंगे, लेकिन उन्होंने माना कि “यह हमेशा एक नाजुक तालमेल बिठाने वाली प्रक्रिया होती है।”

नकवी पहुंचे ईरान

इस बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी बिना किसी पूर्व घोषणा के शनिवार को ईरान पहुंच गए। ‘जियो न्यूज’ के अनुसार नकवी शनिवार को ईरान के मशहद पहुंचे। बाद ईरानी मीडिया की खबर में कहा गया कि नकवी अब तेहरान जा रहे हैं, जहां वह वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे। सरकार के स्वामित्व वाली समाचार एजेंसी ‘IRNA’ की खबर के अनुसार, नकवी अपनी यात्रा के दौरान ईरान और अमेरिका के बीच ”जारी वार्ताओं की निगरानी करेंगे”।

बता दें कि इस सप्ताह अमेरिका और ईरान ने एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये थे। इन वार्ताओं में प्रमुख मध्यस्थ पाकिस्तान भी जमानतदार के रूप में इस समझौता ज्ञापन का हस्ताक्षरकर्ता है। इस्लामाबाद से नकवी की यात्रा के बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई लेकिन माना जा रहा है कि वह अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली आगामी वार्ताओं की निगरानी करेंगे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button