उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

सरकार के 9 साल पूरे होने पर सीएम योगी का संबोधन, कहा – ‘यूपी के पास मंशा और नीति दोनों, तेजी से बढ़े उद्योग’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के नौ वर्ष की अवधि को नवनिर्माण का शासनकाल बताया है और कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की पहचान बदलने का काम किया है और अब राज्य विकास की नयी गाथ लिख रहा है। योगी ने लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश में हुए व्यापक बदलावों को रेखांकित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की सीमाओं पर बनाए गए नौ स्वागत द्वारों का लोकार्पण किया और ‘नवनिर्माण के नौ वर्ष’ पुस्तक का विमोचन भी किया।

यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार के आज 9 साल पूरे हो गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश की जनता को बधाई दी और कहा कि यूपी असीम संभावनाओं वाला प्रदेश है लेकिन यह किन कारणों से पिछड़ा और मोहताज बना रहा, ये आज सबके सामने है। उन्होंने आगे कहा कि नवरात्री और रमजान का पर्व एक साथ चल रहा है, अलविदा की नमाज और ईद भी आने वाले है लेकिन यूपी में किसी भी प्रकार की कोई अशांति नहीं है।

उन्होंने सभी पर्व को शांति और उल्लास से मनाये जाने की बात कही। सीएम ने कहा -सभी पर्व शालीनता से मनाए जा रहे हैं, न कोई भय है, न तनाव, न दंगे का डर और न ही कर्फ्यू का खतरा. यही सुशासन और बेहतर सुरक्षा का प्रमाण है।

सीएम योगी ने प्रदेश में भाजपा सरकार के 9 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए कहा कि 9 साल में यूपी की विकास यात्रा तय की है प्रदेश में पहचान का संकट था हमने पीएम मोदी के नेतृत्व में इस संकट को दूर करने का लक्ष्य प्राप्त किया। साल 2017 के पहले यूपी की आधी आबादी पलायन के लिए मजबूर थी हमने प्रदेश में क़ानून व्यवस्था स्थापित किया।यही कारण है कि अब प्रदेश पूरी क्षमता के साथ विकास की ओर अग्रसर है।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में जो परिवर्तन हुआ है, वह सेवाभाव और सुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था, जबकि आज वही प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता था और नौकरियों में पारदर्शिता का अभाव था, लेकिन अब भर्ती प्रक्रियाएं निष्पक्ष और पारदर्शी हुई हैं। उन्होंने बताया कि बीते 9 वर्षों में लगभग 2 लाख युवाओं को पुलिस भर्ती के माध्यम से रोजगार दिया गया है।

कानून-व्यवस्था पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब भय का वातावरण समाप्त हो चुका है और नवरात्र तथा रमजान जैसे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि नौ शहरों में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू की गई है और सुरक्षा तंत्र को मजबूत किया गया है। विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नौ लाख 12 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट्स से उत्तर प्रदेश देश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

राज्य में निवेश का माहौल बेहतर

उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है और अब तक 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हुआ है। 2017 से पहले जहां सीमित उद्योग थे, वहीं अब 30 हजार से अधिक बड़े उद्योग स्थापित हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने नोएडा को लेकर फैले मिथकों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि अब यह क्षेत्र विकास की नयी पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी बेहतर हुई है और जेवर एयरपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट्स से उत्तर प्रदेश को वैश्विक पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के 9 वर्षों के कार्यों पर मंथन कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी और पार्टी कार्यकर्ता जन-जन तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश आने वाले समय में देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

9 वर्ष पूरा होने के मौके पर बोले उप मुख्यमंत्री मौर्य

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के नौ वर्ष पूरा होने के मौके पर राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्यों और प्रदेशवासियों को बधाई दी है और कहा है कि यह दिन प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है और सरकार ने बीते वर्षों में विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। श्री केशव मौर्य ने लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए बुधवार को ये बातें कहीं।

2027 में 2017 से भी होगी भाजपा की बड़ी जीत

उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में समाजवादी पार्टी सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू की गई थी, क्योंकि उस समय प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं का दबदबा था। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में प्रदेश की स्थिति खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि 2017 में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी और 2027 के चुनाव में इससे भी बड़ी जीत हासिल की जाएगी।

उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता के लिए लोग “गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं” और अब उन्हें दलितों व पिछड़ों की याद आ रही है। श्री मौर्य ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार ने केंद्र की योजनाओं में सहयोग नहीं किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को वर्तमान सरकार पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष अवास्तविक सपने देख रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों वर्गों के लोगों को लाभ मिला है और हजारों लोगों की मदद की गई है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में भर्तियों में भ्रष्टाचार समाप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा की सरकार न होती तो अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव नहीं होता। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में फिर से “कमल खिलेगा” और पार्टी को उत्तर प्रदेश सहित देशभर में बड़ी सफलता मिलेगी।

9 साल में बदली यूपी की तस्वीर

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों का आभार जताते हुए कहा कि बीते वर्षों में राज्य ने विकास और सुशासन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। लखनऊ के लोकभवन में सरकार के नौ साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में श्री पाठक ने यह बात कही । इस दौरान पाठक ने समाजवादी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नौ साल पहले उत्तर प्रदेश की पहचान टूटी सड़कों, अनियमित बिजली आपूर्ति और वीआईपी कल्चर से होती थी। इटावा और रामपुर जैसे जिलों में लंबे समय तक बिजली कटौती आम बात थी। शिक्षा व्यवस्था की स्थिति भी खराब थी और नकल माफिया सक्रिय थे।

कानून-व्यवस्था और विकास में हुआ बड़ा बदलाव

उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार में नकल विहीन परीक्षाएं कराई जा रही हैं और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है और मेडिकल कॉलेजों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले विद्यालयों की स्थिति दयनीय थी, जबकि अब शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश की छवि “गुंडा स्टेट” के रूप में थी, लेकिन अब कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और संगठित माफिया गिरोहों का खात्मा किया गया है।

महिलाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अब महिलाएं देर रात भी बेखौफ बाहर निकल सकती हैं। भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों को पक्का मकान दिया जा रहा है और प्रदेश में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान प्रदेश की स्थिति खराब हो गई थी। उन्होंने जनता से अपील की कि मतदान करते समय इन बातों को ध्यान में रखें। उप मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश का विकास इसी गति से आगे बढ़ता रहेगा और राज्य देश की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाएगा।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button