उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य देख रही देश और दुनिया: सीएम योगी

  •  सीएम- युवा के तहत मंडल के 1,000 युवाओं को मुख्यमंत्री ने ब्याज मुक्त ऋण किया वितरित
  • सीएम योगी बोले- दो वर्ष के अंदर भारत बनेगा दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
  • उत्तर प्रदेश पंच तीर्थ आज धर्म, आस्था के साथ-साथ आजीविका का बने आधार: सीएम योगी
  • इनोवेशन और विजन के साथ टेक्नोलॉजी मिल जाए, तो समृद्धि आने से कोई रोक नहीं सकता: सीएम योगी
  • अगले वर्ष तक 20 लाख युवाओं को रोजगार देगी योगी सरकार
  • मुख्यमंत्री ने आगरा में मेट्रो कार्य का भी किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा- निर्देश

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को आगरा सर्किट हाउस में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा) के तहत मंडल के 1000 युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के विकास, देश की प्रगति और नए भारत के विजन को रेखांकित किया। सीएम योगी ने इस दौरान राज्य को माफिया मुक्त और दंगा मुक्त बनाने के साथ- साथ युवाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश ही नहीं बल्कि दुनिया भी उत्तर प्रदेश के सामर्थ्य को देख रही है। उन्होंने कहा कि इनोवेशन और विजन के साथ टेक्नोलॉजी मिल जाए तो समृद्धि आने से कोई रोक नहीं सकता।

मुख्यमंत्री ने नव उद्यमियों को दी बधाई

अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होली के रंगोत्सव को बरसाना में शुरू करने के बाद मुझे आप सभी युवा साथियों के साथ मिलने का मौका मिला है। आप देश की आधारशिला रखने वाले हैं। उन्होंने 1,000 नए उद्यमियों को बधाई देते हुए कहा कि ये युवा देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य आज देश और दुनिया देख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में भारत ने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। अब हम एक नए भारत का दर्शन कर रहे हैं, जो संस्कृति और समृद्धि, विरासत और विकास, आस्था और आजीविका का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रहा है।

सबका साथ, सबका विकास, तुष्टीकरण किसी का नहीं

सीएम योगी ने पीएम मोदी के विजन को दोहराते हुए कहा कि नए भारत में भेदभाव किसी के साथ नहीं है। सुरक्षा सबको, समृद्धि सबको, आगे बढ़ने के अवसर सबको, लेकिन तुष्टीकरण किसी का नहीं। उन्होंने हाल ही में प्रयागराज में संपन्न हुए महाकुंभ का उदाहरण देते हुए कहा कि 45 दिनों में 66 करोड़ 30 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में डुबकी लगाई। यह आयोजन स्वच्छता, सुरक्षा और आजीविका के समन्वय का प्रतीक बना। उन्होंने बताया कि महाकुंभ ने उत्तर प्रदेश को पांच आस्था कॉरिडोर दिए हैं- प्रयागराज से विंध्यवासिनी धाम, काशी, अयोध्या, गोरखपुर, ऋंगवेरपुर धाम, लखनऊ, नैमिषारण्य, चित्रकूट और आगरा, मथुरा, वृंदावन, बरसाना होते हुए शुक तीर्थ तक। ये कॉरिडोर आस्था के साथ-साथ आजीविका का आधार बन रहे हैं।

महाकुंभ से 3.50 लाख करोड़ की आर्थिक वृद्धि

मुख्यमंत्री ने महाकुंभ के आर्थिक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमने 7.5 हजार करोड़ रुपये खर्च किए और इसके बदले प्रदेश में 3.50 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि देखने को मिली। यह दुनिया में कहीं और देखने को नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में आए लोग उत्तर प्रदेश और भारत की सनातन संस्कृति से अभिभूत होकर गए। अब उत्तर प्रदेश को बीमारू प्रदेश नहीं कहा जाएगा। यह माफिया मुक्त और दंगा मुक्त हो चुका है। यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है, जो भारत की आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छूने को तैयार है।

युवा शक्ति पर सीएम ने दिया विशेष जोर

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश की सबसे बड़ी युवा आबादी है, जो 56-60% कामकाजी तबके की है। ये युवा ऊर्जा से भरपूर और प्रतिभा संपन्न हैं। इन्हें सही अवसर मिले तो ये देश और दुनिया को नेतृत्व दे सकते हैं। इसी उद्देश्य से 24 जनवरी 2025 को शुरू की गई मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत युवाओं को स्टार्टअप और स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण और मार्जिन मनी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि योजना शुरू होने के डेढ़ महीने के भीतर ही 1.5 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 25,000 को स्वीकृति मिल चुकी है और 10,000 को ऋण वितरित हो चुका है। सीएम ने बताया कि गोरखपुर और बस्ती मंडल में कल 2,500 युवाओं को ऋण वितरित किया गया, जबकि आगरा में पहले भी एक कार्यक्रम हो चुका है। आज फिर 1,000 युवाओं को ऋण वितरित किया गया। उन्होंने कहा कि हमारा युवा अब नौकरी के पीछे नहीं भागेगा, बल्कि नौकरी पैदा करेगा और लोगों को स्वावलंबन के रास्ते पर ले जाएगा।

भारत की आर्थिक प्रगति का सीएम ने किया जिक्र

सीएम योगी ने भारत के ऐतिहासिक और वर्तमान आर्थिक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि 16वीं सदी तक दुनिया की अर्थव्यवस्था में भारत का 30% योगदान था। विदेशी आक्रांताओं और अंग्रेजों ने इसे लूटा, जिसके कारण 2014 तक भारत 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था रह गया था। लेकिन पीएम मोदी के नेतृत्व में सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के जरिए भारत आज 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। अगले दो वर्षों में हम तीसरे स्थान पर होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने से देश की जीडीपी बढ़ेगी, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और हर हाथ को काम मिलेगा। नया भारत, विकसित भारत फिर से दुनिया को नेतृत्व देगा। उन्होंने युवा उद्यमियों से धैर्य के साथ कार्य करने और इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक हम 1 लाख युवाओं को ऋण देंगे और 1 अप्रैल से अगले 1 लाख युवाओं को जोड़ेंगे। इससे अगले साल तक 20 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।

यूपी बना निवेश और पर्यटन का नया गंतव्य

सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेश और पर्यटन के नए गंतव्य के रूप में उभर रहा है। 33 सेक्टोरियल पॉलिसी के जरिए लाखों करोड़ का निवेश आ रहा है और लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बन रहे हैं। उन्होंने महाकुंभ और बरसाना की लड्डूमार व लट्ठमार होली का जिक्र करते हुए कहा कि ये आयोजन सौहार्द और एकता का संदेश दे रहे हैं। अंत में, सीएम योगी ने सभी युवा उद्यमियों को बधाई देते हुए कहा कि होली आपके जीवन में उत्साह और उमंग का संचार करे। उन्होंने युवाओं के जज्बे, विजन और इनोवेशन की सराहना की और कहा कि यह नया उत्तर प्रदेश और नया भारत समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। इस कार्यक्रम में युवा उद्यमियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी को भी सीएम ने देखा और उनके प्रयासों की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में मेट्रो के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह, राकेश सचान, योगेन्द्र उपाध्याय, धर्मवीर प्रजापति, महापौर हेमलता दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, यूपीएसआईसी के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधायकगण रानी पक्षालिका सिंह, चौधरी बाबूलाल, धर्मपाल सिंह, छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाहा, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ जेएस धर्मेश, विजय शिवहरे, आकाश अग्रवाल, जिलाध्यक्ष गिरिराज कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष भानू महाजन आदि मौजूद रहे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Back to top button