देवरिया में ए.एन.एम. सेंटर निर्माण में गड़बड़ी, डीएम दिव्या मित्तल ने दिए ठेकेदार पर एफआईआर के आदेश

- घटिया निर्माण उजागर,डीएम की सख्ती से हड़कंप
गौरव कुशवाहा
देवरिया: ग्राम पंचायत छितरूआ, विकासखंड देवरिया सदर में निर्माणाधीन ए.एन.एम. सेंटर में मानकों की अनदेखी उजागर होने के बाद जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कड़ा रुख अपनाया है। जांच में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, दोषपूर्ण निर्माण को ध्वस्त कर नए सिरे से मानक के अनुसार निर्माण कराने को कहा गया है।
इस परियोजना का कार्य उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी संघ, निर्माण प्रखंड, गोरखपुर प्रथम द्वारा कराया जा रहा था। निर्माण में घटिया सफेद बालू के इस्तेमाल और सरिया की मात्रा में कमी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता से जांच कराई। जांच में निर्माण कार्य में गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था पर भी सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। उन्होंने शासन को पत्र भेजकर संबंधित संस्था के खिलाफ उचित कदम उठाने की सिफारिश की है। साथ ही, जिले में कार्य कर रही अन्य निर्माण एजेंसियों को चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी परियोजना में अनियमितता पाई गई तो ठेकेदारों के साथ-साथ अभियंताओं पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जनपद में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।



